LOADING...
फीफा विश्व कप 2026: मेक्सिको ने दक्षिण कोरिया को हराते हुए नॉकआउट में किया प्रवेश 
मेक्सिको ने कोरिया को हराया (तस्वीर: एक्स/@FIFAWorldCup)

फीफा विश्व कप 2026: मेक्सिको ने दक्षिण कोरिया को हराते हुए नॉकआउट में किया प्रवेश 

Jun 19, 2026
09:00 am

क्या है खबर?

फीफा विश्व कप 2026 में मेक्सिको फुटबॉल टीम ने दक्षिण कोरिया को 1-0 से हराते हुए राउंड ऑफ-32 के लिए अपना टिकट सुनिश्चित किया। जपोपान में खेले गए इस रोचक मैच में मेजबान टीम से इकलौता गोल लुइस रोमो ने किया। मेक्सिको की यह लगातार दूसरी जीत है, जिसके चलते इस लैटिन अमेरिकी देश ने नॉकआउट में प्रवेश किया। दूसरी तरफ कोरिया की यह इस संस्करण में पहली हार साबित हुई।

पहला हाफ

गोलरहित रहा पहला हाफ

मैच की शुरुआत में मैक्सिकन खिलाड़ियों ने विरोधी टीम को संभलने का कोई मौका नहीं दिया और लगातार दबाव बनाया। इसके साथ-साथ मेजबान टीम की रक्षापंक्ति भी बहुत आगे बढ़कर खेलती हुई नजर आई। इस बीच मैच के 20वें मिनट में मेक्सिको के अल्वारैडो के बेहतरीन क्रॉस पर क्विनोनेस हेडर से गोल नहीं कर सके। पहले हाफ में दोनों टीमों की ओर से लगातार हो रहे प्रयासों के बावजूद कोई गोल नहीं देखने को मिला।

दूसरा हाफ 

कोरिया के गोलकीपर ने की बड़ी गलती 

मेक्सिको के गोल में कोरियाई गोलकीपर किम सेउंग-ग्यू ने बड़ी गलती की। दरअसल, मैच के 50वें मिनट में किम जब बॉल को हवा में उछलकर लपक रहे थे, तब अपने ही साथी खिलाड़ी ली गी-ह्युक से टकरा गए और बॉल उनके हाथ से छूटकर बॉक्स में गिर गई। इस मौके पर रोमो ने आसानी से गोल किया। मैच के 87वें मिनट में कोरिया को स्कोर में बराबरी करने का अच्छा मौका मिला, जिसे विपक्षी गोलकीपर राउल रंगेल ने नाकाम किया।

Advertisement

ट्विटर पोस्ट

Twitter Post

Advertisement

आंकड़े 

आंकड़ों में बेहतर नजर आई कोरियाई टीम 

मैच में मेक्सिको ने गोल करने की 8 बार कोशिश की और 4 बार टारगेट पर शॉट लगाए। दूसरी तरफ कोरिया ने 8 बार ही कोशिश की और 2 बार टारगेट पर शॉट लगाए। इस रोचक मैच में जीतने वाली टीम के पास 43 प्रतिशत समय बॉल का कब्जा रहा। मेक्सिको ने 82 प्रतिशत एक्यूरेसी के साथ 432 पास पूरे किए। कोरिया ने 534 पास किए, जिसमें उनकी एक्यूरेसी 87 प्रतिशत की रही।

Advertisement