फीफा विश्व कप 2026: कोलंबिया ने उज्बेकिस्तान को 3-1 से हराया
क्या है खबर?
फीफा विश्व कप 2026 में कोलंबिया फुटबॉल टीम ने उज्बेकिस्तान फुटबॉल टीम को 3-1 से हराते हुए अपने अभियान की जोरदार शुरुआत की। कोलंबिया की इस जीत में डैनियल मुनोज, जामिंटन कैम्पाज और लुइस डियाज ने 1-1 गोल किए। पहली बार फीफा में हिस्सा ले रही उज्बेकिस्तान से अब्बोस्बेक फैजुल्लाएव ने गोल किया। इस जीत के साथ ग्रुप-K में मौजूद कोलंबिया 3 अंको के साथ शीर्ष स्थान पर पहुंच गई है।
पहला हाफ
पहले हाफ में डैनियल मुनोज ने किया गोल
मैच की शुरुआत से ही कोलंबिया ने लगातार दबाव बनाए रखा और गोल करने के कई प्रयास किए। मैच के 40वें मिनट में लुईस डियाज के पास पर डैनियल मुनोज ने फर्स्ट टच पर गोल किया। यह उनका फीफा विश्व कप में पहला और अंतरराष्ट्रीय करियर का कुल चौथा गोल साबित हुआ। मैच के 45वें मिनट में टीम के स्टार मिडफील्डर जेम्स रोड्रिगेज ने लंबी दूर से प्रयास किया, जो विपक्षी गोलकीपर ने अपने सुरक्षित दस्तानों से रोक लिया।
दूसरा हाफ
ऐसा रहा दूसरा हाफ
उज्बेकिस्तान से 60वें मिनट में अब्बोस्बेक फैजुल्लाएव ने गोल करके स्कोर 1-1 कर दिया। उज्बेकिस्तान के कप्तान एल्डोर शोमुरोदोव ने गोल करने का प्रयास किया, जिसे कैमिलो वर्गास ने बचाया, लेकिन इस कोशिश में गेंद फैजुल्लाएव को मिल गई, जिसे उन्होंने हेडर से गोल किया। कुछ मिनट बाद ही 65वें मिनट पर लुइस डियाज ने गोल करते हुए फिर से टीम को बढ़त में ला दिया। मैच समाप्ति से कुछ मिनट पहले कैम्पाज ने गोल करते हुए जीत सुनिश्चित की।
अंक तालिका
अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंचा कोलंबिया
इस जीत के साथ कोलंबिया की टीम ग्रुप-K में शीर्ष पर पहुंच गई है। कांगो और पुर्तगाल की टीम संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर है। इन दोनों टीमों के बीच पहला मैच 1-1 से बराबरी पर समाप्त हुआ। इस ग्रुप में उज्बेकिस्तान की टीम चौथे पायदान पर है। कोलंबिया अपने अगले मैच में 24 जून को कांगो से भिड़ेगी और अपने आखिरी ग्रुप मैच में 28 जून को पुर्तगाल से मुकाबला करेगी।
आंकड़े
कोलंबिया ने 6 बार गोल को टारगेट किया
मैच में कोलंबिया ने गोल करने की 15 बार कोशिश की और 6 बार टारगेट पर शॉट लगाए। दूसरी तरफ उज्बेकिस्तान ने 7 बार कोशिश की और सिर्फ 3 बार टारगेट पर शॉट लगाए। इस रोचक मैच में जीतने वाली टीम के पास 67 प्रतिशत समय बॉल का कब्जा रहा। कोलंबिया ने 87 प्रतिशत एक्यूरेसी के साथ 506 पास पूरे किए। उज्बेकिस्तान ने 330 पास किए, जिसमें उनकी एक्यूरेसी 80 प्रतिशत की रही।