फीफा विश्व कप 2026: केप वर्दे के कप्तान पर लगा ब्राजीलियाई अनुवादक से दुष्कर्म का आरोप
क्या है खबर?
फीफा विश्व कप 2026 के नॉकआउट चरण में जगह बनाकर इतिहास रचने वाली वाली केप वर्दे फुटबॉल टीम विवादों में फंस गई है। टीम के कप्तान पर रयान मेंडेस पर एक ब्राजीलियाई महिला से दुष्कर्म का आरोप लगा है। रिपोर्ट के अनुसार, इस महिला ने इस साल की शुरुआत में न्यूजीलैंड दौरे पर टीम के लिए अनुवादक का कार्य किया था। बता दें कि केप वर्दे विश्व कप के नॉकआउट चरण में पहुंचने वाला सबसे छोटा देश बना है।
FIR
महिला ने न्यूजीलैंड में दर्ज कराया मामला
रिपोर्ट के मुताबिक, महिला ने न्यूजीलैंड में मामला दर्ज कराया, जिसके बाद अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है। उस समय न्यूजीलैंड मीडिया ने मामले में रयान का नाम उजागर न करते हुए बस इतना बताया था कि घटना में केप वर्दे टीम का एक खिलाड़ी शामिल था। अब ब्राजीलियाई मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया है कि महिला अनुवादक से दुष्कर्म का आरोपी खिलाड़ी कोई और नहीं, बल्कि केप वर्दे के 36 वर्षीय कप्तान रयान मेंडेस हैं।
घटना
रिपोर्ट में घटना को लेकर किया गया खुलासा
रिपोर्टों के अनुसार, मेंडेस ने कथित तौर पर टीम होटल में ब्राजीलियाई महिला के कमरे में जबरदस्ती घुसकर, उसे घूंसे मारकर, काटकर और फिर दुष्कर्म करते हुए उसका यौन उत्पीड़न किया था। रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया कि महिला ने अपने मुंह, गर्दन, पैर और बगल में लगी चोटों की तस्वीरें न्यूजीलैंड पुलिस से साझा की हैं, जिन्होंने ऑकलैंड में स्थित टीम होटल से CCTV फुटेज भी प्राप्त कर ली है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
शिकायत
महिला ने शिकायत में क्या कहा?
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने कहा कि न्यूजीलैंड में फीफा सीरीज के दौरान केप वर्दे टीम ने उसे अनुवादक के तौर पर नियुक्त किया था। चिली के खिलाफ पहले मैच के बाद उसे टीम बैठक के लिए होटल के कमरे में बुलाया गया था, लेकिन बाद में वह वह अपने कमरे में लौट गई। पीड़िता का आरोप है कि कुछ देर बाद मेंडेस ने जबरन उसके कमरे में घुसकर उस पर हमला किया और फिर दुष्कर्म कर प्रताड़ित किया।
बयान
फीफा ने भी मामले में जारी किया बयान
इस बीच फीफा ने भी इस मामले में बयान जारी करते हुए न्यूजीलैंड के अधिकारियों से संपर्क करने की बात कही है। फीफा ने US टुडे को दिए बयान में कहा, "हम महिला से दुर्व्यवहार के किसी भी आरोप को गंभीरता से लेते हैं। उनकी टीम न्यूजीलैंड के अधिकारियों के संपर्क में है। कृपया समझें कि हम इस स्तर पर आगे कोई टिप्पणी नहीं कर सकते हैं। पुलिस मामले की अपने स्तर पर पड़ताल कर रही है।"