फीफा विश्व कप 2026: अर्जेंटीना ने जॉर्डन को हराया, ऑस्ट्रिया ने अल्जीरिया से खेला ड्रॉ
क्या है खबर?
फीफा विश्व कप 2026 के ग्रुप-J में रविवार को 2 अहम मुकाबले खेले गए। एक मुकाबले में मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना फुटबॉल टीम ने जॉर्डन को 3-1 से हरा दिया। इसके साथ उसने शीर्ष पर रहते हुए ग्रुप चरण का समापन किया, जबकि टूर्नामेंट में पहली बार खेल रही जॉर्डन टीम बिना किसी जीत के बाहर हो गई। दूसरे मुकाबले में ऑस्ट्रिया ने अल्जीरिया के खिलाफ 3-3 से ड्रॉ खेलकर नॉकआउट चरण में अपनी जगह पक्की कर ली।
मुकाबला
अर्जेंटीना ने इस तरह दर्ज की जीत
अर्जेंटीना के मिडफील्डर जियोवानी लो सेल्सो 19वें मिनट में फ्री-किक से गोल दागकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। 31वें मिनट में जॉर्डन के फाउल पर अर्जेंटीना को पेनल्टी मिली। इसमें लाउतारो मार्टिनेज ने गोलकर बढ़त को 2-0 कर दिया। 55वें मिनट में जॉर्डन के स्थानापन्न खिलाड़ी मूसा अल-तामरी ने गोल कर स्कोर को 2-1 किया। 80वें मिनट में स्थानापन्न लियोनल मेसी ने फ्री-किक से गोल दागकर अर्जेंटीना की 3-1 से जीत सुनिश्चित कर दी।
रिकॉर्ड
मेसी ने दागा विश्व कप इतिहास में 19वां गोल
मैच में किए गए गोल के साथ मेसी इस विश्व कप में 6 गोल के साथ गोल्डन बूट की रेस में सबसे आगे हैं। विश्व कप इतिहास में उनके कुल गोलों की संख्या रिकॉर्ड 19 हो गई है। मेसी अब लगातार 7 विश्व कप मैचों में गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। मार्टिनेज का पेनल्टी गोल 2002 (गाब्रियल बतिस्तुता बनाम स्वीडन) के बाद मेसी के अलावा विश्व कप में पेनल्टी पर गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बने हैं।
मुकाबला
ऑस्ट्रिया और अल्जीरिया का मुकाबला कैसे रहा रोमांचक?
मैच के 28वें मिनट में ऑस्ट्रिया के मार्को अर्नौटोविच ने डेविड अलाबा के पास पर गोल कर 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद 45वें मिनट में अल्जीरिया के रफीक बेलघाली ने शानदार मैदानी गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। 55वें मिनट में मार्सेल सबित्जर ने गोल कर ऑस्ट्रिया को फिर से 2-1 से आगे कर दिया। 60वें मिनट में अल्जीरियाई कप्तान रियाद महरेज ने बेहतरीन गोल दागते हुए स्कोर को एक बार फिर 2-2 से बराबर कर दिया।
रोमांच
आखिरी मिनटों में बेहद रोमांचक रहा मुकाबला
मैच के इंजरी टाइम (90+3 मिनट) में महरेज ने शानदार खेल दिखाते हुए अपना दूसरा गोल दागकर अल्जीरिया को 3-2 की नाटकीय बढ़त दिला दी। इससे अल्जीरिया को जीत की खुशबू आने लग गई थी, लेकिन खेल खत्म होने से ठीक पहले (90+6 मिनट) ऑस्ट्रिया के स्थानापन्न खिलाड़ी सासा कलाज्जिक ने हेडर के जरिए गोल कर मैच को 3-3 की बराबरी पर ला खड़ा किया। इसके बाद दोनों टीम कोई गोल नहीं कर पाई।
रिकॉर्ड
मुकाबले में क्या बने रिकॉर्ड्स?
44 साल बाद विश्व कप में ऑस्ट्रिया और अल्जीरिया का आमना-सामना हुआ था। 1982 में ऑस्ट्रिया और जर्मनी के बीच हुए विवादित मैच (गिजॉन का कलंक) के कारण अल्जीरिया बाहर हो गया था। इस बार अल्जीरिया ने कड़ा मुकाबला कर उस कड़वी याद को पीछे छोड़ दिया। अल्जीरिया के महरेज ने विश्व कप के एक ही मैच में 2 गोल करने वाहले पहले खिलाड़ी बने हैं। ऑस्ट्रिया के अर्नौटोविच ने गोल कर अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में 49 गोल पूरे कर लिए।