IPL: इन तेज गेंदबाजों ने लिए हैं एक मैच में सबसे ज्यादा बार 3-3 विकेट
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 39वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के तेज गेंदबाजों ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भुवनेश्वर कुमार ने 3 और जोश हेजलवुड ने 4 विकेट झटके। पावरप्ले में दोनों ने 3-3 विकेट लिए और दिल्ली पॉवरप्ले में मात्र 13/6 का स्कोर बना पाई। भुवनेश्वर अब IPL में दूसरे सबसे ज्यादा 3-विकेट हॉल लेने वाले तेज गेंदबाज बन गए हैं।
#1
जसप्रीत बुमराह (25 बार)
मुंबई इंडियंस (MI) के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह इस सूची में शीर्ष पर हैं। उन्होंने अपने IPL करियर में 25 बार 3-विकेट हॉल अपने नाम किया है। इसके अलावा वह 5 बार 4 या उससे ज्यादा विकेट ले चुके हैं, जिसमें 2 बार 5-विकेट हॉल भी शामिल हैं। अपने IPL करियर में 152 मैचों में बुमराह ने 22.92 की शानदार औसत के साथ कुल 185 विकेट लिए हैं।
#2
भुवनेश्वर कुमार (20 बार)
भुवनेश्वर अब IPL इतिहास में 20 बार 3-विकेट हॉल लेने वाले दूसरे तेज गेंदबाज बन गए हैं। 36 वर्षीय यह खिलाड़ी लीग में 200 से ज्यादा विकेट लेने वाले इकलौते तेज गेंदबाज भी हैं। उन्होंने 198 मैचों में 26.64 की औसत से 212 विकेट लिए हैं। उनके नाम 4 बार मैच में 4 या उससे अधिक विकेट लेने के आंकड़े दर्ज हैं। इस दौरान उन्होंने 2 बार मैच में 5-5 विकेट भी लिए हैं।
#3
लसिथ मलिंगा (19 बार)
भुवनेश्वर ने इस मामले में श्रीलंका के दिग्गज तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा को पीछे छोड़ा है। मलिंगा ने अपने IPL करियर में 19 बार 3-विकेट हॉल अपने नाम किया था। उन्होंने IPL के 122 मैचों में 19.79 की बेहतरीन औसत से कुल 170 विकेट झटके थे और लंबे समय तक सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में शामिल रहे। मलिंगा ने 2021 में क्रिकेट से संन्यास ले लिया था और इस समय वे MI के गेंदबाजी कोच हैं।