फर्जी चोट मामला: इमाम पर हो सकती है अनुशासनात्मक कार्रवाई, नकवी ने दिए जांच के आदेश
क्या है खबर?
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज इमाम उल हक लॉर्ड्स टेस्ट के दौरान लगी पैर की चोट को लेकर विवादों के घेरे में आ गए हैं। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने इमाम की इस चोट पर फर्जी होने के दावों के बीच एक औपचारिक और त्वरित जांच के आदेश दे दिए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, अनुशासनहीनता और धोखाधड़ी का दोषी पाए जाने पर इमाम के खिलाफ बोर्ड कड़ी दंडात्मक कार्रवाई कर सकता है।
प्रकरण
क्या है फर्जी चोट का पूरा मामला?
लॉर्ड्स टेस्ट मैच के पहले ही दिन इमाम खिंचाव के कारण मैच से बाहर हो गए थे। वह मैच की किसी भी पारी में बल्लेबाजी के लिए नहीं उतरे।
चौथे दिन के खेल से पहले इमाम पैर में पट्टी बांधकर मैदान पर नेट प्रैक्टिस करने उतर गए, जहां वह लंगड़ाने का नाटक करते दिखे।
ऑस्ट्रेलिया के डेविड वार्नर और इंग्लैंड के स्टुअर्ट ब्रॉड जैसे दिग्गज क्रिकेटरों ने सार्वजनिक रूप से उन पर चोट का नाटक करने का आरोप लगाया था।
जानकारी
इमाम को वापस भेजा जा रहा पाकिस्तान
PCB सूत्रों के मुताबिक, इमाम की चोट को लेकर उठे विवाद के बाद तीसरे टेस्ट मैच से पहले ही उन्हें वापस पाकिस्तान भेजने का निर्णय किया गया है। बता दें कि लॉर्ड्स टेस्ट में पाकिस्तान को 194 रन से हार झेलनी पड़ी थी।
इतिहास
मार्कर से पैर पर नकली रंग लगाने का पुराना काला इतिहास
इमाम पर यह आरोप पहली बार नहीं लगे हैं, बल्कि मीडिया रिपोर्ट्स में उनके पुराने दौर के 2 बड़े फर्जीवाड़े भी सामने आए हैं।
जियो न्यूज के अनुसार, साल 2023 में न्यूजीलैंड दौरे पर इमाम ने मैच न खेलने के लिए अपनी उंगली पर मार्कर पेन से नकली घाव और रंग बना लिया था।
मेडिकल स्कैन में जब कोई चोट नहीं निकली, तो जांच समिति ने उन पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से प्रतिबंध लगाने की सिफारिश भी की थी।
जानकारी
इमाम ने 2022 में घेरलू सीरीज में किया था ऐसा
पूर्व मुख्य चयनकर्ता मोहम्मद वसीम ने खुलासा किया कि साल 2022 की एक सीरीज के दौरान टीम के फिजियो ने पहले ही आकर चेतावनी दे दी थी कि इमाम मैच से बचने के लिए चोट का बहाना बनाने वाले हैं।