फाफ डु प्लेसिस ने सैंडपेपर गेट मामले पर किए कई खुलासे, जानिए क्या-क्या कहा
क्या है खबर?
क्रिकेट इतिहास के सबसे बदनाम अध्यायों में से एक साल 2018 के 'सैंडपेपर गेट' विवाद को लेकर दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने 8 साल बाद कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। पूर्व दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज डेल स्टेन और वर्नोन फिलेंडर के पॉडकास्ट 'बियॉन्ड द बाउंड्री' में बातचीत के दौरान डु प्लेसिस ने बताया कि केपटाउन टेस्ट के दौरान ऑस्ट्रेलियाई टीम ने इस पूरे मामले को बेहद खराब तरीके से संभाला था।
दुख
मुझे बैनक्रॉफ्ट के लिए बेहद दुख हुआ- डु प्लेसिस
युवा ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज कैमरन बैनक्रॉफ्ट को मैदान पर सैंडपेपर (रेगमाल) से गेंद को रगड़ते हुए कैमरों में कैद किए जाने पर डु प्लेसिस ने कहा, "ईमानदारी से कहूं तो बैनक्रॉफ्ट को देखकर मेरी पहली प्रतिक्रिया उनके लिए सहानुभूति थी। मुझे उस लड़के के लिए बहुत अफसोस हुआ। उसे तो यह भी नहीं पता था कि क्या करना है। उसे गेंद को रिवर्स स्विंग कराना नहीं आता था, क्योंकि कैमरों के सामने सैंडपेपर निकालना कोई समझदारी भरा काम नहीं है।"
सवाल
ऑस्ट्रेलियाई ड्रेसिंग रूम के बयान पर खड़े किए सवाल
ऑस्ट्रेलिया ने इस योजना के बारे में केवल 3 खिलाड़ियों को पता होना बताया था।
डु प्लेसिस ने सवाल उठाते हुए कहा, "हम दिन का खेल खत्म होने के बाद बैठे थे। हम सोच रहे थे कि वे क्या कर रहे हैं? फिर उन्होंने बयान जारी किया कि इसके बारे में (कोच और अन्य खिलाड़ी) किसी को कुछ नहीं पता था। हम हैरान थे कि ऐसा कैसे हो सकता है? ड्रेसिंग रूम की स्थिति हर खिलाड़ी को पता होती है।"
संदेश
स्टीव स्मिथ को भेजा था सांत्वना का संदेश
मामले में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्टीव स्मिथ और डेविड वार्नर पर 1 साल और बैनक्रॉफ्ट पर 9 महीने का प्रतिबंध लगाया था।
डु प्लेसिस ने कहा, "मुझे लगा कि इस मुश्किल घड़ी में स्टीव स्मिथ को मेसेज भेजना सही रहेगा। इसलिए मैंने उनको मैसेज भेजकर कहा कि मैं जानता हूं कि तुम लोग सही काम करने की कोशिश में हो। तुम अगले कुछ हफ्तों तक बहुत बुरी स्थिति से गुजरने वाले हो।'
सजा
पूरी टीम को भुगतना चाहिए था इस अपराध का खामियाजा- डु प्लेसिस
डु प्लेसिस ने कहा, "मुझे लगा था कि यह मामला एक हफ्ते या महीने भर में शांत हो जाएगा, लेकिन उन्हें (स्मिथ) साल भर का बैन झेलना पड़ा। मुझे स्मिथ के लिए बुरा लगा क्योंकि कप्तान होने के नाते वे पूरी जिम्मेदारी अपने सिर ले रहे थे, जबकि इसका खामियाजा पूरी टीम को भुगतना चाहिए था।"
उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के तत्कालीन प्रधानमंत्री मैल्कम टर्नबुल और पूर्व क्रिकेटरों द्वारा टीम की आलोचना किए जाने को 'कांच के घर' जैसी स्थिति बताया।
योजना
"CA बेहतर तरीके से संभाल सकता था स्थिति"
डु प्लेसिस ने कहा, "CA इस मामले को बेहतर तरीके से संभाल सकता था। उन्हें इसे सिर्फ ICC के पाले में छोड़ देना चाहिए था।"
उन्होंने आगे कहा, "अगर वे उसी रात अपनी गलती मान लेते, तो बैनक्रॉफ्ट पर ICC 50 प्रतिशत मैच फीस का जुर्माना लगाती, स्टीव स्मिथ अगला टेस्ट खेलते और डेविड वार्नर भी पूरा साल खेल पाते, लेकिन अत्यधिक दबाव के चलते उन्होंने अपने ही खिलाड़ियों का करियर एक साल के लिए रोक दिया।"
प्रकरण
क्या था 'सैंडपेपर गेट' प्रकरण?
'सैंडपेपर गेट' घटना मार्च 2018 में दक्षिण अफ्रीका के केपटाउन में खेले गए टेस्ट मैच में हुई थी।
मैच के तीसरे दिन बैनक्रॉफ्ट को सैंडपेपर से गेंद को रगड़ते हुए कैमरों में कैद किया गया था। उन्होंने गेंदबाजों को रिवर्स स्विंग का लाभ दिलाने के लिए ऐसा किया था।
बाद में स्मिथ और बैनक्रॉफ्ट ने गेंद से छेड़छाड़ की बात स्वीकार कर ली, जिसमें वार्नर की मुख्य भूमिका सामने आई थी। इस पर CA ने प्रतिबंध की कार्रवाई की थी।