टेस्ट क्रिकेट: एक सीरीज में सबसे ज्यादा कैच लपकने वाले विकेटकीपर
क्या है खबर?
टेस्ट क्रिकेट में विकेटकीपर की भूमिका बेहद अहम होती है। विकेट के पीछे उसकी तेजी टीम को अहम मौकों पर सफलता दिलाती है। खासतौर पर लंबी टेस्ट सीरीज के दौरान विकेटकीपर को लगातार कई मुश्किल कैच और स्टंपिंग के मौके मिलते हैं। कुछ विकेटकीपरों ने इन मौकों का शानदार फायदा उठाते हुए बड़ी संख्या में कैच लपके हैं। ऐसे में आइए उन विकेटकीपर पर नजर डालते हैं, जिन्होंने एक सीरीज में सबसे ज्यादा कैच अपने नाम किए हैं।
#1
ब्रेड हैडिन (29 कैच, 2013)
साल 2013 की एशेज सीरीज इंग्लैंड में खेली गई थी। ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ब्रेड हैडिन ने 5 टेस्ट की 10 पारियों में कुल 29 कैच लपके थे।
इसके साथ ही वह एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा कैच लपकने वाले विकेटकीपरों की इस सूची में पहले स्थान पर हैं।
बल्लेबाजी में उन्होंने 22.88 की औसत से 206 रन बनाए थे। इस दौरान उनके बल्ले से 2 अर्धशतक निकले थे।
उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 71 रन रहा था।
#2
रॉड मार्श (28 कैच, 1982-83)
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर रॉड मार्श दूसरे स्थान पर हैं।
साल 1982-83 की एशेज सीरीज ऑस्ट्रेलिया में हुई थी। उस सीरीज में मार्श ने 5 टेस्ट की 10 पारियों में 28 कैच लपके थे। उन्होंने एक पारी में सबसे ज्यादा 6 शिकार किए थे।
बतौर बल्लेबाज उन्हें 7 पारियों में खेलते का मौका मिला था। इस दौरान उन्होंने 17.71 की औसत से 124 रन बनाए थे।
उनके बल्ले से एक अर्धशतक निकला था और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 53 रन था।
#3
एल्केस केरी (27 कैच, 2025-26)
तीसरे स्थान पर भी ऑस्ट्रेलिया के विकेटकीपर एलेक्स केरी हैं। 2025-26 की एशेज सीरीज में उन्होंने 5 टेस्ट की 10 पारियों में 27 कैच लपके थे।
एक पारी में उन्होंने सर्वाधिक 5 शिकार किए थे।
ऑस्ट्रेलिया में खेली गई सीरीज में केरी ने बल्ले से भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 8 पारियों में एक बार नाबाद रहते हुए 46.14 की औसत से 323 रन बनाए।
इस दौरान उन्होंने 1 शतक और 2 अर्धशतक लगाए। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 103 रन रहा।
#4
रॉड मार्श (26 कैच, 1975-76)
चौथे स्थान पर भी ऑस्ट्रेलिया के विकेटकीपर मार्श ही हैं। 1975-76 में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम ऑस्ट्रेलिया दौरे पर आई थी।
इस सीरीज में खेले गए 6 टेस्ट की 11 पारियों में मार्श ने 26 कैच लपके थे। एक पारी में उन्होंने सर्वाधिक 5 शिकार किए थे।
बल्लेबाजी में मार्श ने 8 पारियों में 29.50 की औसत से 236 रन बनाए थे। इस दौरान उनके बल्ले से 1 अर्धशतक निकला था और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 56 रन रहा था।