UAE की ईशा ओझा बनी 'ICC एसोसिएट महिला क्रिकेटर ऑफ द ईयर', ऐसा रहा प्रदर्शन
UAE की बल्लेबाज ईशा ओझा को ICC महिला एसोसिएट क्रिकेटर ऑफ द ईयर चुना गया है। ओझा ने 2022 में टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 35.52 की औसत के साथ 675 रन बनाए थे। इस दौरान उनकी स्ट्राइक रेट 134.19 की रही थी। ओझा ने इस अवधि में दो शतक और अर्धशतक लगाए थे। इसके अलावा उन्होंने गेंदबाजी में 15.40 की औसत और 4.84 की इकॉनमी के साथ 15 विकेट भी हासिल किए थे।
बेहतरीन रहा है ईशा का प्रदर्शन
2018 में अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करने वाली ओझा ने 2022 से पहले 23.15 की औसत से केवल 463 रन बनाए थे। पिछले साल बहरीन के खिलाफ उन्होंने 71 गेंदों में नाबाद 158 रनों की पारी खेली थी। कतर के खिलाफ भी उन्होंने 67 गेंदों में 115 रन बनाए थे। 24 वर्षीय ऑलराउंडर ने 46 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 29.17 की औसत के साथ 1,138 रन बनाए हैं जिसमें दो शतक और चार अर्धशतक शामिल रहे हैं।