इंग्लैंड बनाम श्रीलंका: जोस बटलर ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अपना 30वां अर्धशतक लगाया, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने सीरीज के तीसरे और आखिरी टी-20 मैच में श्रीलंका क्रिकेट टीम को 8 विकेट से शिकस्त दी। मैनचेस्टर में खेले गए मैच में जीत के लिए मिले 125 रन के लक्ष्य को मेजबान टीम ने जोस बटलर के अर्धशतक (62*) की मदद से हासिल किया। यह बटलर के टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 30वां अर्धशतक साबित हुआ। आइए उनकी पारी और आंकड़ों के बारे में जानते हैं।
पारी
आक्रामक रही बटलर की पारी
बटलर ने इंग्लैंड की पारी के चौथे ओवर में थरिंदु रत्नायके के खिलाफ 4 चौके लगाते हुए उम्दा लय के संकेत दिए।
उन्होंने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 30 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया।
वह 32 गेंदों में 7 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 62 रन बनाकर नाबाद रहे।
अपनी इस अर्धशतकीय पारी के दौरान उन्होंने कप्तान ब्रूक के साथ मिलकर 85 रन की साझेदारी की।
आंकड़े
चौथे सर्वाधिक 50+ स्कोर वाले बल्लेबाज बने बटलर
बटलर ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में कुल 32 स्कोर, 50+ रन के बनाए हैं।
क्रिकबज के मुताबिक, वह फिलहाल चौथे सबसे ज्यादा 50+ रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान (31) को पीछे छोड़ा है।
बता दें कि इस सूची में सबसे आगे बाबर आजम (42) हैं। बाबर के बाद विराट कोहली (39) और रोहित शर्मा (37) हैं।
करियर
शानदार रहा है बटलर का प्रदर्शन
बटलर ने अपना पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच साल 2011 में खेला था।
उन्होंने अब तक 163 मुकाबले खेले हैं और इसकी 150 पारियों में लगभग 35 की औसत से 4,384 रन बनाए हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 150.13 की रही है।
उनके बल्ले से 2 शतक और 30 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 131 रन रहा है।
श्रीलंका के खिलाफ इस खिलाड़ी ने 16 मैच खेले हैं और इसकी 16 पारियों में 58.63 की औसत से 645 रन बनाए हैं।
लेखा-जोखा
इस तरह से जीता इंग्लैंड
श्रीलंका से लाहिरु उदारा (10), कामिल मिशारा (2) और कप्तान चरिथ असलंका (16) जल्दी आउट हुए।
लगातार गिर रहे विकेटों के बीच कामिंदु मेंडिस (35) और निसांका (36) ही 30+ रन बना सके। श्रीलंका की पारी सिर्फ 18.5 ओवर में 124 रन पर सिमट गई।
जवाब में एन्यूरिन डोनाल्ड (9) के जल्दी आउट होने के बाद कप्तान हैरी ब्रूक (33) और बटलर (62*) ने जीत दिलाई।
मेजबान टीम ने सिर्फ 9.4 ओवर में लक्ष्य हासिल किया।