इंग्लैंड ने श्रीलंका के खिलाफ 3-0 से जीती सीरीज, टी-20 रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल किया
क्या है खबर?
इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने तीसरे टी-20 मैच में श्रीलंका क्रिकेट टीम को 8 विकेट से हराते हुए सीरीज को 3-0 से क्लीन स्वीप किया। मैनचेस्टर में खेले गए मैच में श्रीलंकाई टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 124 रन बनाए। मेहमान टीम से पथुम निसांका ने सर्वाधिक 36 रन का योगदान दिया। जवाब में इंग्लिश टीम ने आसानी से लक्ष्य हासिल किया। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
इस तरह से जीती इंग्लिश टीम
श्रीलंका से लाहिरु उदारा (10), कामिल मिशारा (2) और कप्तान चरिथ असलंका (16) जल्दी आउट हुए।
लगातार गिर रहे विकेटों के बीच कामिंदु मेंडिस (35) और निसांका (36) ही 30+ रन बना सके।
श्रीलंका की पारी सिर्फ 18.5 ओवर में सिमट गई।
जवाब में एन्यूरिन डोनाल्ड (9) के जल्दी आउट होने के बाद कप्तान हैरी ब्रूक (33) और जोस बटलर (62*) ने जीत दिलाई।
मेजबान टीम ने सिर्फ 9.4 ओवर में लक्ष्य हासिल किया।
जानकारी
इंग्लैंड टी-20 में शीर्ष रैंकिंग वाली टीम बनी
इस जीत के साथ ही इंग्लैंड ने टी-20 प्रारूप में शीर्ष रैंक हासिल की। इंग्लैंड के 41 मैचों के बाद 269 रेटिंग अंक हो गए हैं। वहीं, भारत के भी 64 मैचों के बाद 269 रेटिंग अंक हैं।
गेंदबाजी
शानदार रही इंग्लैंड की गेंदबाजी
इंग्लैंड के प्रमुख तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने अपने 3 ओवर में 23 रन देते हुए 2 विकेट लिए।
सॉनी बेकर ने 17 रन देते हुए 2 सफलताएं हासिल की।
विल जैक्स के हिस्से में भी 2 विकेट आए। इस स्पिनर ने अपने 4 ओवर में 31 रन दिए।
लियाम डॉसन ने 17 रन देते हुए 1 विकेट अपने नाम किया। जेमी ओवरटन ने 15 रन देते हुए एक विकेट लिया।
जानकारी
श्रीलंका ने इंग्लैंड के खिलाफ बनाया अपना दूसरा न्यूनतम स्कोर
124 रन इंग्लैंड के खिलाफ श्रीलंका का दूसरा सबसे कम स्कोर है। क्रिकबज के मुताबिक, श्रीलंका ने इससे कम स्कोर 2021 में कार्डिफ में (111/7) बनाया था।
ब्रूक
ब्रूक ने इंग्लैंड में पूरे किए अपने 3,000 अंतरराष्ट्रीय रन
ब्रूक ने पारी का चौथा ओवर करने आए नुवान तुषारा की जमकर खबर ली। इंग्लिश कप्तान ने उस ओवर में एक छक्का और 2 चौके लगाए।
वह 21 गेंदों में 33 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी के दौरान ब्रूक ने इंग्लैंड में खेलते हुए अपने 3,000 अंतरराष्ट्रीय रन (सभी प्रारूपों को मिलाकर) पूरे किए।
अपने देश में खेलते हुए उन्होंने 79 अंतरराष्ट्रीय पारियों में 43.50 की औसत के साथ 3,002 रन बनाए हैं।
बटलर
बटलर ने लगाया अपना 30वां अर्धशतक
जोस बटलर ने इंग्लैंड की पारी के चौथे ओवर में थरिंदु रत्नायके के खिलाफ 4 चौके लगाते हुए उम्दा लय के संकेत दिए।
उन्होंने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 30 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया।
वह 32 गेंदों में 7 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 62 रन बनाकर नाबाद रहे।
अपनी इस अर्धशतकीय पारी के दौरान उन्होंने कप्तान ब्रूक के साथ मिलकर 85 रन की साझेदारी की।