ओली रॉबिन्सन चोटिल होने के कारण न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट से हुए बाहर
क्या है खबर?
इंग्लैंड क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज ओली रॉबिनसन को दाहिने घुटने में दर्द के कारण न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच से बाहर कर दिया गया है। लॉर्ड्स में खेले गए पहले टेस्ट में उन्होंने 7 विकेट लिए थे। उन्होंने 2 साल से अधिक समय बाद टेस्ट टीम में वापसी की थी। अब उनकी चोट के कारण इंग्लैंड को बड़ा झटका लगा है। ऐसे में आइए पूरी खबर पर एक नजर डाल लेते हैं।
मौका
रॉबिन्सन की जगह इस खिलाड़ी को मिला मौका
इंग्लैंड ने रॉबिनसन के विकल्प के तौर पर अनकैप्ड तेज गेंदबाज हेनरी क्रोम्बे को टीम में शामिल किया है। सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच बुधवार से ओवल में खेला जाएगा। क्रोम्बे ने ससेक्स के लिए काउंटी चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन किया था और 21 विकेट अपने नाम किए थे। लिसेस्टरशायर के खिलाफ मैच में इस खिलाड़ी ने 9/69 के आंकड़े दर्ज किए थे। क्रोम्बे को पहले ही टीम के साथ जोड़ लिया गया था।
बाहर
इंग्लैंड की गेंदबाजी हुई कमजोर
बेन स्टोक्स और गस एटकिंसन पहले ही टीम से बाहर हैं। अब रॉबिन्सन का दूसरे टेस्ट से हटना इंग्लैंड के गेंदबाजी आक्रमण पर दबाव और बढ़ाएगा। स्टोक्स और एटकिंसन को नई मिडनाइट कर्फ्यू के उल्लंघन और एक रग्बी खिलाड़ी के साथ नाइटक्लब में झगड़े की घटना में शामिल होने के कारण टीम से बाहर किया गया है। रॉबिनसन और एटकिंसन ने मिलकर इंग्लैंड के 20 में से 14 विकेट लिए थे, जिससे टीम को पहले टेस्ट में शानदार जीत मिली।
वापसी
जोफ्रा आर्चर करेंगे वापसी
इंग्लैंड की तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुआई वापसी कर रहे जोफ्रा आर्चर करेंगे। वह पहले टेस्ट में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) प्रतिबद्धताओं के कारण नहीं खेल पाए थे। उनके साथ टीम में जोश टंग, मैट फिशर और सनी बेकर जैसे तेज गेंदबाज होंगे। क्रोम्बे इंग्लैंड लायंस के नियमित खिलाड़ी हैं और उन्होंने हाल ही में दक्षिण अफ्रीका-A के खिलाफ तीसरे वनडे में 23 रन देकर एक विकेट लिया था। क्रोम्बे ने 48 लिस्ट-A मुकाबलों में 106 विकेट लिए हैं।
कप्तान
स्टोक्स को तीसरे टेस्ट में मिल सकता है मौका
स्टोक्स शनिवार को डरहम लौटे और डर्बीशायर के खिलाफ काउंटी चैंपियनशिप मैच के दूसरे दिन अपनी टीम के साथ अभ्यास किया। इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) पिछले सप्ताह की घटनाओं की जांच जारी रखे हुए है, हालांकि स्टोक्स की कप्तानी को लेकर किसी लंबे समय के फैसले पर अभी मुहर नहीं लगी है। रिपोर्ट के अनुसार, उनकी स्थिति को लेकर आशंकाएं अब कम हुई हैं। स्टोक्स ने नेट्स में बल्लेबाजी और गेंदबाजी का अभ्यास किया और अपनी फिटनेस बनाए रखी है।