इंग्लैंड बनाम भारत: सोफी एक्लेस्टोन ने जड़ा पहला टेस्ट अर्धशतक, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम की ऑलराउंडर सोफी एक्लेस्टोन ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच के चौथे दिन शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी (50) खेली। यह उनके टेस्ट करियर का पहला ही अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 61 गेंदों में पूरा किया। हालांकि, उनकी इस अर्धशतकीय पारी के बाद वह टीम की हार को नहीं टाल पाई और इंग्लैंड को 270 रन से हार झेलनी पड़ी। आइए उनके आंकड़े जानते हैं।
बल्लेबाजी
कैसी रही एक्लेस्टोन की पारी और साझेदारी?
इंग्लैंड को 457 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 126 रन के स्कोर पर छठा झटका लगा था।
उसके बाद बल्लेबाजी पर आई एक्लेस्टोन ने एक छोर संभाला और स्कोर को आगे बढ़ाया।
उन्होंने इस्सी वोंग (1) के साथ 8वें विकेट के लिए 22 रन और लॉरेन फाइलर (4) के साथ 10वें विकेट के लिए 27 रन की साझेदारी निभाई।
वह 66 गेंदों में 6 चौकों की मदद से 50 रन बनाकर आखिरी विकेट के रूप में आउट हुईं।
करियर
कैसा रहा है एक्लेस्टोन का टेस्ट करियर?
एक्लेस्टोन ने 2017 में ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया था।
वह अब तक 10 मैच की 16 पारियों में 19.76 की औसत से 257 रन बनाने में सफल रही है। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन इसकी मैच में आया है।
इसी तरह उन्होंने 18 पारियों में गेंदबाजी करते हुए 28.66 की औसत और 2.90 की इकॉनमी से 48 विकेट चटकाए हैं।
इसमें एक बार 5 विकेट और 4 बार चार विकेट हॉल शामिल है।