Loading...
इंग्लैंड बनाम भारत: पहले वनडे मैच का प्रीव्यू और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी
इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज खेलने उतरेगी भारतीय टीम

इंग्लैंड बनाम भारत: पहले वनडे मैच का प्रीव्यू और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी

Jul 13, 2026
12:03 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम और इंग्लैंड क्रिकेट टीम के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला मंगलवार (14 जुलाई) को बर्मिंघम के एजबेस्टन स्टेडियम में खेला जाएगा। टी-20 सीरीज में 4-0 से हार झेलने के बाद भारतीय टीम वनडे सीरीज में शुभमन गिल की कप्तानी में नए जोश के साथ उतरेगी। दूसरी तरह हैरी ब्रूक की कप्तानी वाली इंग्लिश टीम अपनी शानदार फॉर्म जारी रखने का प्रयास करेगी। आइए मैच के प्रीव्यू और महत्वपूर्ण बातों पर नजर डालते हैं।

हेड-टू-हेड

वनडे में इंग्लैंड के खिलाफ भारी रहा है भारत का पलड़ा

इस प्रारूप में दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 110 मैच खेले गए हैं, जिसमें 61 में भारतीय टीम ने और 44 में इंग्लिश टीम ने जीत दर्ज की है।

इसी तरह 2 मुकाबले टाई और 3 अनिर्णित रहे हैं।

इंग्लैंड की सरजमीं पर दोनों टीमों के बीच कुल 45 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें से इंग्लैंड ने 23 और भारत ने 18 जीते हैं।

एक मैच टाई रहा है और 3 मुकाबले अनिर्णित रहे हैं।

प्लेइंग इलेवन

इस प्लेइंग इलेवन के साथ उतर सकती है भारतीय टीम

भारतीय टीम टी-20 सीरीज में मिली हार के बाद जीत के साथ सीरीज का आगाज करना चाहेगी। उसे कप्तान गिल और रोहित शर्मा की सलामी जोड़ी से बेहतर शुरुआत की उम्मीद होगी।

विराट कोहली और केएल राहुल मध्यक्रम में टीम को मजबूती देंगे। गेंदबाजी की बागडोर जसप्रीत बुमराह के हाथों में होगी।

संभावित प्लेइंग इलेवन: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), शिवम दुबे, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा।

ADVERTISEMENT

संयोजन

इस संयोजन के साथ उतरेगी इंग्लिश टीम

इंग्लैंड टीम ने मैच की पूर्व संध्या पर अपनी प्लेइंग इलेवन घोषित कर दी है। इसमें बल्लेबाज और तेज गेंजबादी का संतुलित मिश्रण किया गया है। जेकब बेथल और बेन डकेट पारी की शुरुआत करेंगे। अनुभवी जोस बटलर ने शतक जड़कर अपनी फॉर्म हासिल कर ली है।

इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन: जेकब बेथेल, बेन डकेट, जो रूट, हैरी ब्रूक (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), सैम कर्रन, विल जैक्स, जोफ्रा आर्चर, लियाम डॉसन, जोश टंग और आदिल रशीद।

ADVERTISEMENT

पिच

कैसा रहेगा एजबेस्टन स्टेडियम की पिच का मिजाज?

एजबेस्टन स्टेडियम की पिच पारंपरिक रूप से बल्लेबाजों के लिए बेहतरीन मानी जाती है।

मैच की शुरुआत में तेज गेंदबाजों को स्विंग और सीम मूवमेंट मिल सकती है।

क्रीज पर जमने के बाद बल्लेबाज आसानी से बड़े शॉट्स खेल सकते हैं और बाउंड्री छोटी होने के कारण हाई-स्कोरिंग मैच देखने को मिल सकता है।

कप्तान टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करना पसंद कर सकते हैं ताकि शुरुआत में नमी का फायदा उठाया जा सके।

जानकारी

कैसा रहेगा बर्मिंघम का मौसम?

एक्यूवेदर के अनुसार, बर्मिंघम में मौसम अनुकूल रहने की उम्मीद है। यहां अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। बारिश की 10-15 प्रतिशत संभावना है। इससे दर्शकों को पूरा मैच देखने को मिल सकता है।

निगाहें

इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेगी नजर

इंग्लैंड के लिए रूट ने पिछले 10 मैच में 55 की औसत से 495 रन बनाए हैं। ब्रूक ने पिछले 10 मैच में 54.13 की औसत से 433 रन बनाए हैं।

भारत के लिए कोहली के बल्ले से 7 मैचों में 123.2 की औसत से 616 रन निकले हैं। रोहित ने 10 मैचों में 52.33 की औसत से 471 रन बनाए हैं।

आर्चर के पिछले 5 मैच में 11 विकेट और अर्शदीप के नाम 6 मैचों में 13 विकेट हैं।

जानकारी

कब और कहां देखें मुकाबला?

भारत और इंग्लैंड के बीच ये मुकाबला 14 जुलाई को बर्मिंघम के एजबेस्टन स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय समयानुसार मैच दोपहर साढ़े 3 बजे से शुरू होगा। भारत में सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क और सोनी लिव ऐप पर इसका सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।

ADVERTISEMENT