इंग्लैंड बनाम भारत: वनडे सीरीज के लिए टीमें, शेड्यूल और अन्य अहम बातें
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम और इंग्लैंड क्रिकेट टीम के बीच 14 जुलाई से वनडे सीरीज खेली जाएगी। इसके लिए दोनों टीमों ने अपने-अपने दलों का ऐलान कर दिया है। इस सीरीज में एक बार फिर दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली और रोहित शर्मा खेलते हुए नजर आएंगे। भारतीय टीम की कमान शुभमन गिल के हाथों में होगी, जबकि इंग्लैंड की कप्तानी हैरी ब्रूक संभालेंगे। ऐसे में आइए इस सीरीज के लिए टीमें, शेड्यूल और अन्य जानकारी पर एक नजर डालते हैं।
भारत
सीरीज के लिए भारतीय टीम
टीम में जसप्रीत बुमराह की लंबे समय बाद वापसी हुई है। उन्होंने अपना आखिरी बार वनडे विश्व कप 2023 के फाइनल में खेला था। वहीं, यशस्वी जायसवाल को एक बार फिर टीम में मौका नहीं मिला है। वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, नितीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और गुरनूर बराड़।
चोट
चोट के कारण हार्दिक पांड्या टीम का हिस्सा नहीं
स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के दौरान मुंबई इंडियंस (MI) के साथ खेलते हुए लगी चोट से उबर नहीं पाए हैं। ऐसे में वह इस सीरीज से भी बाहर हैं। इससे पहले चोट के कारण उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ खेली गई वनडे सीरीज से भी बाहर होना पड़ा था। BCCI अधिकारियों के अनुसार, पांड्या ने अभी तक गेंदबाजी में फिटनेस हासिल नहीं की है और उन्हें इसके लिए और समय की जरूरत है।
इंग्लैंड
वनडे सीरीज के लिए ऐसी है इंग्लैंड की टीम
इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने इस वनडे सीरीज के लिए ससेक्स के ऑलराउंडर जेम्स कोल्स को पहली बार वनडे टीम में शामिल किया है। ब्रायडन कार्स, जैक क्रॉली, जेमी ओवरटन और ल्यूक वुड टीम का हिस्सा नहीं हैं। वनडे सीरीज के लिए इंग्लैंड की टीम: हैरी ब्रूक (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन, टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, जोस बटलर (विकेटकीपर), जेम्स कोल्स, सैम कुरेन, लियाम डॉसन, बेन डकेट, विल जैक्स, साकिब महमूद, आदिल राशिद, जो रूट और जोश टोंग।
शेड्यूल
ऐसा है वनडे सीरीज का पूरा कार्यक्रम
भारत और इंग्लैंड के बीच वर्तमान में खेली जा रही 5 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज का आखिरी मुकाबला 11 जुलाई को साउथम्प्टन में खेला जाएगा। इसके बाद 14 जुलाई से वनडे सीरीज का आगाज होगा। पहला मुकाबला बर्मिंघम में खेला जाएगा। उसके बाद दूसरा वनडे मुकाबला 16 जुलाई को कार्डिफ और तीसरा मुकाबला 19 जुलाई को लंदन के प्रतिष्ठित लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा। इस सीरीज के काफी रोचक होने की उम्मीद है।
हेड-टू-हेड
इंग्लैंड के खिलाफ भारत का पलड़ा रहा है भारी
भारत और इंग्लैंड के बीच वनडे क्रिकेट के इतिहास में 110 मुकाबले हुए हैं। इस दौरान भारतीय टीम को 61 मैच में जीत मिली है। इंग्लैंड ने 44 मैच अपने नाम किए हैं। 3 मैच में कोई नतीजा नहीं निकल पाया है। 2 मैच टाई पर समाप्त हुए हैं। दोनों टीमों के बीच खेले गए आखिरी 5 मुकाबलों में भारतीय टीम को ही जीत मिली है। इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ आखिरी मैच जुलाई 2022 में जीता था।