
इंग्लैंड बनाम भारत: केएल राहुल ने पूरे किए 7,500 प्रथम श्रेणी रन, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज केएल राहुल ने इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ हेडिंग्ले में पहले टेस्ट के पहले दिन बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
अपनी 42 रन की पारी का दूसरा रन बनाते ही उनके प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 7,500 रन पूरे हो गए। इनमें से 3,299 रन उन्होंने भारत की ओर से टेस्ट क्रिकेट खेलते हुए बनाए हैं।
इस सीरीज में उन्हें सलामी बल्लेबाज की जिम्मेदारी मिली है। आइए उनके आंकड़ों पर नजर डालते हैं।
करियर
कैसा रहा है राहुल का प्रथम श्रेणी करियर?
राहुल ने साल 2010 में अपने प्रथम श्रेणी करियर का आगाज किया था।
वह अब तक 106 मैच की 182 पारियों में 42 से अधिक की औसत से 7,540 रन बना चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 19 शतक और 37 अर्धशतक अपने नाम किए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 337 रन का रहा है।
घरेलू क्रिकेट में वह कर्नाटक क्रिकेट टीम का प्रतिनिधित्व करते हैं। राहुल ने हाल ही में इंग्लैंड लायंस के खिलाफ इंडिया-A के लिए भी शतक जड़ा था।
करियर
कैसा रहा है राहुल का टेस्ट क्रिकेट करियर?
राहुल ने साल 2014 में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने टेस्ट करियर का आगाज किया था।
वह 59 मैचों की 102 पारियों में 33.66 की औसत से 3,299 रन बना चुके हैं। उन्होंने 8 शतक और 17 अर्धशतक भी जड़े हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 199 रन का रहा है।
इसी तरह उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 14 मैचों की 25 पारियों में 39.88 की औसत से 997 रन बनाए हैं। इसमें 3 शतक और 2 अर्धशतक भी शामिल है।