इंग्लैंड बनाम भारत: आखिरी टी-20 मैच का प्रीव्यू और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम और इंग्लैंड क्रिकेट टीम के बीच खेली जा रही 5 मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज का आखिरी मुकाबला शनिवार (11 जुलाई) को खेला जाएगा। सीरीज में इंग्लैंड ने 3-0 की अजेय बढ़त बना ली है। ऐसे में भारतीय टीम इस मुकाबले में क्लीन स्वीप से बचने और सम्मान बचाने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। वहीं, हैरी ब्रूक की कप्तानी वाली इंग्लैंड टीम की नजरें सीरीज में 4-0 की जीत दर्ज करने पर होंगी।
हेड-टू-हेड
घरेलू सरजमीं पर भारत के खिलाफ इंग्लैंड के आंकड़े हैं बेहतर
भारत और इंग्लैंड के बीच 34 टी-20 मुकाबले हुए हैं। इस दौरान भारतीय टीम को 18 मुकाबलों में जीत (ड्रॉ-1) मिली है। 15 मैच में उसे हार का सामना करना पड़ा है। इंग्लैंड में दोनों टीमों के बीच 13 मुकाबले खेले गए हैं। भारतीय टीम को 4 मैच में जीत और 8 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। दोनों टीमों के बीच खेले गए आखिरी 5 टी-20 मुकाबलों में भारतीय टीम को सिर्फ 2 में जीत मिली है।
प्लेइंग इलेवन
इस संयोजन के साथ उतर सकती है भारतीय टीम
आखिरी टी-20 से पहले भारतीय टीम को 2 बड़े झटके लगे हैं। चोटिल होने के कारण हर्षित राणा और वरुण चक्रवर्ती सीरीज से बाहर हो गए हैं। ये दोनों चौथे मैच में भी नहीं खेले थे। ऐसे में अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल जैसे अनुभवी खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी। संभावित एकादश: अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), शिवम दुबे, तिलक वर्मा, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव और अर्शदीप सिंह।
टीम
ऐसी हो सकती है इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन
सीरीज में शानदार प्रदर्शन कर रही इंग्लैंड अपनी प्लेइंग इलेवन में बड़े बदलाव नहीं करना चाहेगी। अनुभवी जोस बटलर से अभी तक लय में नहीं नजर आए हैं। ऐसे में उनसे बड़ी पारी की उम्मीद होगी। शानदार फॉर्म में चल रहे तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर एक और बेहतरीन प्रदर्शन करना चाहेंगे। संभावित एकादश: फिलिप साल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम कर्रन, विल जैक्स, रेहान अहमद, आदिल रशीद, जोफ्रा आर्चर और जोश टंग।
पिच रिपोर्ट
ऐसी होगी साउथम्प्टन की पिच
साउथम्प्टन के द रोज बाउल की पिच आमतौर पर संतुलित मानी जाती है। शुरुआती ओवरों में नई गेंद से तेज गेंदबाजों को स्विंग और सीम मूवमेंट मिलने की उम्मीद रहती है। हालांकि, बल्लेबाज शुरुआती चुनौती पार कर लें तो बड़े शॉट खेलना आसान हो जाता है। मध्य ओवरों में सतह थोड़ी धीमी पड़ने से स्पिनरों को भी मदद मिल सकती है। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करने का फैसला कर सकती है।
जानकारी
ऐसा रहेगा मौसम
एक्यूवेदर के अनुसार, 11 जुलाई को साउथम्प्टन का मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री रहने का अनुमान है। शनिवार को बारिश की कोई संभावना नहीं है। ऐसे में एक मजेदार मैच देखने को मिल सकता है।
नजर
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेगी नजर
इंग्लैंड के लिए बेथल ने पिछले 10 मैच में 40.14 की औसत और 155.24 की स्ट्राइक रेट से 281 रन बनाए हैं। ब्रूक के बल्ले से पिछले 10 मैच में 183.43 की स्ट्राइक रेट से 299 रन निकले हैं। श्रेयस ने इस सीरीज में सबसे ज्यादा 190 रन बनाए हैं। अभिषेक के बल्ले से पिछले 10 मैच में 303 रन निकले हैं। आर्चर के पिछले 9 मैच में 15 विकेट और अर्शदीप के नाम 9 मैचों में 12 विकेट है।
जानकारी
कब और कहां देखें मुकाबला?
भारत और इंग्लैंड के बीच ये मुकाबला 11 जुलाई को साउथम्प्टन के द रोज बाउल ग्राउंड में खेला जाएगा। भारतीय समयानुसार मैच रात 7 बजे से शुरू होगा। भारत में सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क और सोनी लिव ऐप पर इसका सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।