इंग्लैंड बनाम भारत: तीसरे टी-20 मैच का प्रीव्यू और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम और इंग्लैंड क्रिकेट टीम के बीच 5 मैचों की टी-20 सीरीज का तीसरा मुकाबला मंगलवार (7 जुलाई) को ट्रेंट ब्रिज में खेला जाएगा। इंग्लैंड सीरीज में 1-0 से आगे है। पहला मैच बारिश की भेंट चढ़ा था, जबकि दूसरे मुकाबले में हैरी ब्रूक की टीम ने 4 विकेट से जीत दर्ज की थी। अब श्रेयस अय्यर की टीम मैच जीतकर सीरीज 1-1 से बराबर करना चाहेगी। ऐसे में प्रीव्यू और महत्वपूर्ण बातों पर नजर डालते हैं।
हेड-टू-हेड
इंग्लैंड के खिलाफ भारत का पलड़ा रहा है भारी
भारत और इंग्लैंड के बीच 32 टी-20 मुकाबले हुए हैं। इस दौरान भारतीय टीम को 18 मुकाबलों में जीत (ड्रॉ-1) मिली है। 13 मैच में उसे हार का सामना करना पड़ा है। इंग्लैंड में दोनों टीमों के बीच 11 मुकाबले खेले गए हैं। भारतीय टीम को 4 मैच में जीत और 6 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। दोनों टीमों के बीच खेले गए आखिरी 5 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में भारतीय टीम को 4 में जीत मिली है।
भारत
ऐसी हो सकती है भारत की प्लेइंग इलेवन
दूसरे टी-20 में भारतीय टीम 3 स्पिन गेंदबाजों के साथ उतरी थी। हालांकि, रवि बिश्नोई का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था। ऐसे में उनकी जगह तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को मौका मिल सकता है। वैभव सूर्यवंशी डेब्यू मुकाबले में बड़ी पारी नहीं खेल पाए थे। ऐसे में उनसे मैच जिताऊ पारी की उम्मीद होगी। संभावित एकादश: वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, हर्षित राणा, अक्षर पटेल, प्रिंस यादव, अर्शदीप सिंह और वरुण चक्रवर्ती।
इंग्लैंड
इंग्लैंड ने घोषित कर दी है अपनी प्लेइंग इलेवन
इंग्लैंड ने तीसरे टी-20 मुकाबले के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन का ऐलान कर दिया है। प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं हुआ है। ऐसे में फिलिप साल्ट और जोस बटलर जोरदार शुरुआत देना चाहेंगे। पिछले मैच में ये खिलाड़ी खाता भी नहीं खोल पाए थे। गेंदबाजी में जोफ्रा आर्चर से उम्मीद होगी। प्लेइंग इलेवन: फिलिप साल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, लियाम डॉसन, आदिल रशीद, जोफ्रा आर्चर और जोश टंग।
पिच रिपोर्ट
कैसा है ट्रेंट ब्रिज की पिच का मिजाज?
ट्रेंट ब्रिज की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है। यहां गेंद अच्छी तरह बल्ले पर आती है, जिससे बड़े शॉट खेलना आसान रहता है। हालांकि, नई गेंद से तेज गेंदबाजों को शुरुआती ओवरों में स्विंग और सीम मूवमेंट मिल सकती है। जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है, पिच बल्लेबाजी के लिए और बेहतर हो जाती है। छोटी बाउंड्री भी बड़े स्कोर में मदद करती है। टॉस जीतने वाली टीम अक्सर पहले बल्लेबाजी करना पसंद करती है।
जानकारी
ऐसा रहेगा मौसम
एक्यूवेदर के अनुसार, 7 जुलाई को नॉटिंघम का मौसम पूरी तरह साफ नहीं रहेगा। अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान के 16 डिग्री रहने का अनुमान है। मंगलवार को बारिश होने की भी संभावना है। बारिश मैच में खलल भी डाल सकती है।
प्रदर्शन
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेगी नजर
इंग्लैंड के लिए बेथल ने पिछले 10 मैच में 44.5 की औसत और 154.78 की स्ट्राइक रेट से 356 रन बनाए हैं। ब्रूक के बल्ले से पिछले 10 मैच में 169.13 की स्ट्राइक रेट से 274 रन निकले हैं। सैमसन ने पिछले 7 मैच में 305 रन बनाए हैं। अभिषेक के बल्ले से पिछले 10 मैच में 292 रन निकले हैं। आदिल ने पिछले 10 मैच में 14 विकेट चटकाए हैं। वरुण के नाम 7 मैचों में 9 विकेट है।
जानकारी
कब और कहां देखें मुकाबला?
भारत और इंग्लैंड के बीच ये मुकाबला 7 जुलाई को ट्रेंट ब्रिज, नॉटिंघम में खेला जाएगा। भारतीय समयानुसार रात 10 बजे से शुरू होगा। भारत में सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क और सोनी लिव ऐप पर इसका सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।