इंग्लैंड बनाम भारत: दूसरे वनडे मैच का प्रीव्यू और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम और इंग्लैंड क्रिकेट टीम के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला गुरुवार (16 जुलाई) को सोफिया गार्डन्स, कार्डिफ में खेला जाएगा। पहले मुकाबले में शुभमन गिल की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया था और उसे 6 विकेट से जीत मिली थी। ऐसे में वह इस मैच को जीतकर सीरीज में अजेय बढ़त लेना चाहेंगे। वहीं, हैरी ब्रूक की टीम जोरदार वापसी करना चाहेगी। आइए मैच के प्रीव्यू और महत्वपूर्ण बातों पर नजर डालते हैं।
हेड-टू-हेड
इंग्लैंड के खिलाफ भारत का पलड़ा रहा है भारी
इस प्रारूप में दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 111 मैच खेले गए हैं, जिसमें 62 में भारतीय टीम ने और 44 में इंग्लिश टीम ने जीत दर्ज की है।
इसी तरह 2 मुकाबले टाई और 3 मैचों में कोई नतीजा नहीं निकला है।
इंग्लैंड की सरजमीं पर दोनों टीमों के बीच कुल 45 मुकाबले हुए हैं, जिसमें से इंग्लैंड ने 23 और भारत ने 19 मैच जीते हैं। एक मैच टाई है और 3 मुकाबले बेनतीजा रहे हैं।
भारत
इस प्लेइंग इलेवन के साथ उतर सकती है भारतीय टीम
पहले वनडे में मिली जीत के बाद भारतीय टीम प्लेइंग इलेवन में ज्यादा बदलाव करने को नहीं देखेगी।
रोहित शर्मा और विराट कोहली पहले मैच में कुछ खास नहीं कर पाए थे। ऐसे में उनसे जोरदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
गेंदबाजी की कमान अक्षर पटेल और जसप्रीत बुमराह के कंधों पर होगी।
संभावित प्लेइंग इलेवन: रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, गुरनूर बरार, जसप्रीत बुमराह और प्रसिद्ध कृष्णा।
इंग्लैंड
इस संयोजन के उतरेगी इंग्लैंड की टीम
इंग्लैंड की टीम का शीर्षक्रम पहले मुकाबले में पूरी तरह से फ्लॉप रहा था। ऐसे में बेन डकेट और जेकब बेथल जैसे बल्लेबाजों से बड़ी पारी की उम्मीद होगी।
वहीं, गेंदबाजी में जोफ्रा आर्चर और आदिल राशिद जैसे अनुभवी खिलाड़ी टीम के लिए बेहतर करना चाहेंगे।
संभावित प्लेइंग इलेवन: जेकब बेथेल, बेन डकेट, जो रूट, हैरी ब्रूक (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), सैम कर्रन, विल जैक्स, जोफ्रा आर्चर, लियाम डॉसन, जोश टंग और आदिल राशिद।
पिच रिपोर्ट
कैसा रहेगा पिच का मिजाज?
सोफिया गार्डन्स, कार्डिफ की पिच पर शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को स्विंग और सीम मूवमेंट मिलती है, खासकर बादल छाए रहने पर बल्लेबाजों की परीक्षा होती है।
हालांकि, नई गेंद का दौर निकलने के बाद बल्लेबाजी बहुत आसान हो जाती है और रन बनाना सहज रहता है।
बीच के ओवरों में पिच थोड़ी धीमी पड़ सकती है, जिससे स्पिनर और धीमी गति के गेंदबाज प्रभावी साबित होते हैं।
टॉस जीतने वाली टीमें अक्सर पहले गेंदबाजी करना पसंद करती है।
जानकारी
कैसा रहेगा मौसम?
एक्यूवेदर के अनुसार, गुरुवार को कार्डिफ में मौसम साफ रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन बादल छाए रहेंगे। ऐसे में एक अच्छा मैच देखने को मिल सकता है।
नजर
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेगी नजर
इंग्लैंड के लिए रूट ने पिछले 10 मैचों में 65.88 की औसत से 527 रन बनाए हैं। ब्रूक ने पिछले 10 मैच में 45.33 की औसत से 408 रन बनाए हैं।
भारत के लिए कोहली के बल्ले से 7 मैचों में 91.17 की औसत से 547 रन निकले हैं। गिल ने 7 मैचों में 113.25 की औसत से 453 रन बनाए हैं।
आर्चर के पिछले 5 मैच में 12 विकेट और प्रसिद्ध के नाम 8 मैचों में 17 विकेट हैं।
जानकारी
कब और कहां देखें मुकाबला?
भारत और इंग्लैंड के बीच ये मुकाबला 16 जुलाई को सोफिया गार्डन्स, कार्डिफ में खेला जाएगा। भारतीय समयानुसार मैच शाम 5:30 बजे से शुरू होगा। भारत में सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क और हॉटस्टार ऐप पर इसका सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।