Page Loader
इंग्लैंड बनाम ऑस्ट्रेलिया: मार्नस लाबुशेन के टेस्ट क्रिकेट में 3,500 रन पूरे, जानिए उनके आंकड़े 
मार्नस लाबुशेन ने 69वीं पारी में 3,500 टेस्ट रन पूरे किए (तस्वीर:ट्विटर/@ICC)

इंग्लैंड बनाम ऑस्ट्रेलिया: मार्नस लाबुशेन के टेस्ट क्रिकेट में 3,500 रन पूरे, जानिए उनके आंकड़े 

Jun 28, 2023
10:21 pm

क्या है खबर?

ऑस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे एशेज टेस्ट के पहले दिन एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली। दाएं हाथ के बल्लेबाज लाबुशेन ने बुधवार को अपने टेस्ट क्रिकेट करियर में 3,500 रनों का आंकड़ा छू लिया। अक्टूबर, 2018 में लाबुशेन के डेब्यू के बाद से किसी अन्य ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने 3,000 से अधिक टेस्ट रन नहीं बनाए हैं। आइए लाबुशेन के टेस्ट करियर पर एक नजर डालते हैं।

रिपोर्ट

शानदार आंकड़ों के साथ आगे बढ़ रहे हैं लाबुशेन 

साल 2018 में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ टेस्ट डेब्यू करने वाले लाबुशेन का टेस्ट करियर अच्छी लय के साथ आगे बढ़ रहा है। वह अब तक 40 टेस्ट मैचों में 5 बार नाबाद रहते हुए 55.02 की औसत और 53.70 की स्ट्राइक रेट से 3,521 रन बना चुके हैं। 215 के उच्चतम स्कोर के साथ वह अब तक 2 दोहरे शतक, 10 शतक और 15 अर्धशतक जमा चुके हैं।

रिपोर्ट

लाबुशेन के नाम दर्ज है संयुक्त रूप से दूसरे सबसे तेज 3,000 टेस्ट रन 

लाबुशेन के नाम टेस्ट क्रिकेट में संयुक्त रूप से सबसे तेज 3,000 रन बनाने का रिकॉर्ड दर्ज है। दिसंबर, 2022 में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ खेले गए डे नाइट टेस्ट मैच में उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की थी। उन्होंने एवर्टन वीक्स की बराबरी हासिल करते हुए 51वीं पारी में इस मुकाम को हासिल किया था। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज डॉन ब्रैडमैन (33 पारी) टेस्ट में सबसे कम पारियों में 3,000 रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।

रिपोर्ट

पहले एशेज टेस्ट में दोनों पारियों में ब्रॉड का शिकार बने थे लाबुशेन 

लाबुशेन ने टेस्ट करियर की 69वीं पारी में 3,500 रनों का आंकड़ा पार किया है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी में 39वां रन बनाते ही यह उपलब्धि हासिल की। इससे पूर्व एजबेस्टन में खेले गए पहले एशेज टेस्ट में लाबुशेन संघर्ष करते नजर आए थे। उन्हें पहली पारी में स्टुअर्ट ब्रॉड ने शून्य पर आउट किया था। दूसरी पारी में भी लाबुशेन कुछ खास नहीं कर पाए थे और 13 के स्कोर पर फिर ब्रॉड का ही शिकार बने थे।

रिपोर्ट

लाबुशेन के एशेज आंकड़ों पर एक नजर 

इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में लाबुशेन के आंकड़े काफी प्रभावी रहे हैं। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 11 टेस्ट मैचों में 41.55 की औसत से 748 रन बनाए हैं। अंग्रेजों के खिलाफ उनके नाम 1 शतक और 6 अर्धशतक दर्ज हैं। लाबुशेन ने एशेज 2019 की 7 पारियों में 50.43 की औसत से 353 रन बनाए थे। लाबुशेन ने उस सीरीज में संयुक्त रूप से सर्वाधिक अर्द्धशतक (4) लगाए थे।