न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट के लिए इंग्लिश टीम घोषित, कप्तान बेन स्टोक्स की हुई वापसी
क्या है खबर?
इंग्लैंड क्रिकेट टीम और न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के बीच 25 जून से सीरीज का तीसरा और आखिरी टेस्ट मैच खेला जाएगा। ट्रेंट ब्रिज में होने वाले इस मैच की 15 सदस्यीय टीम में इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स की वापसी हुई है। उन्हें 'नाइटक्लब विवाद' के बाद दूसरे टेस्ट से बाहर रखा गया था। उनके साथ-साथ गस एटकिंसन की भी वापसी हुई है। आइए तीसरे टेस्ट के लिए चुनी गई टीम के बारे में जानते हैं।
बयान
ECB ने जारी किया बयान
ECB ने बयान में कहा, "सोमवार 8 जून की सुबह उनके व्यवहार को लेकर ECB की अनुशासनात्मक सुनवाई पूरी होने के बाद, बेन स्टोक्स और गस एटकिंसन को न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट के लिए इंग्लैंड की पुरुष टीम में शामिल किया गया है।" बता दें कि दूसरे टेस्ट में बड़ी जीत के साथ ही न्यूजीलैंड ने सीरीज में 1-1 से बराबरी हासिल की है। अब तीसरा टेस्ट निर्णायक होने वाला है।
विवाद
पहले टेस्ट के बाद 'नाइटक्लब विवाद' में फंसे थे स्टोक्स
दरअसल, न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के पहले टेस्ट में जीत के बाद स्टोक्स अपने साथी एटकिंसन के साथ लंदन के नाइटक्लब में मौजूद थे, जहां लड़ाई हो गई थी। नाइट क्लब की घटना में 'सारासेन्स रग्बी क्लब' के खिलाड़ी शामिल थे, जो अपने सीजन के आखिर के जश्न के लिए वहां थे। यहां एटकिंसन और रग्बी के एक एकेडमी खिलाड़ी के बीच किसी बात पर विवाद हुआ था। इसे ECB ने टीम के नियमों का उल्लंघन बताया था।
जानकारी
तीसरे टेस्ट के लिए इंग्लैंड की 15 सदस्यीय टीम
बेन स्टोक्स (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन, शोएब बशीर, जैकब बेथेल, हैरी ब्रूक, जॉर्डन कॉक्स, बेन डकेट, मैथ्यू फिशर, एमिलियो गे, ओली रॉबिन्सन, जो रूट, जेमी स्मिथ, जोश टंग।