Loading...
इंग्लैंड ने चौथे टी-20 में ऑस्ट्रेलिया को हराया, सीरीज में बनाई अजेय बढ़त
इंग्लैंड ने चौथे टी-20 में ऑस्ट्रेलिया को हराकर सीरीज में अजेय बढ़त बना ली है

इंग्लैंड ने चौथे टी-20 में ऑस्ट्रेलिया को हराया, सीरीज में बनाई अजेय बढ़त

Nov 29, 2026
08:47 pm

क्या है खबर?

इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम को चौथे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में 7 रन से हरा दिया। इसी के साथ उसने 5 मैचों की सीरीज में 3-1 से अजेय बढ़त बना ली। मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड टीम ने 181/7 का स्कोर खड़ा किया था। जवाब में मेजबान कंगारू टीम कप्तान मिचेल मार्श के शतक के बाद भी पूरे ओवर खेलकर 174/7 का स्कोर ही बना पाई। आइए इस मुकाबले में बने रिकॉर्ड्स पर नजर डालते हैं।

लेखा-जोखा

इंग्लैंड ने किस तरह दर्ज की जीत?

मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन यह गलत साबित हुआ। उसे 32 रन तक 4 अहम झटके लग गए थे।

उसके बाद टीम ने सैम कर्रन (50), जेम्स कोल्स (33) और लियाम डॉसन (23) की पारियों से 181/7 का स्कोर खड़ा किया।

जवाब में ऑस्ट्रेलिया के लिए कप्तान मार्श (119) ने एक छोर पर डटकर शतक जड़ा, लेकिन दूसरे छोर से सहयोग न मिलने से टीम 174/7 का स्कोर ही बना पाई।

शतक

मार्श ने इंग्लैंड के खिलाफ जड़ा पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय शतक

मुकाबले में मार्श ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतकीय पारी खेली और जीत के लिए आखिर तक लड़े।

यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का दूसरा और इंग्लैंड के खिलाफ पहला ही शतक रहा, जिसे उन्होंने 49 गेंदों में पूरा किया।

उन्होंने सैम हार्पर (18) के साथ दूसरे विकेट के लिए 30 गेंदों में सर्वाधिक 52 रन की साझेदारी निभाई।

वह अपनी पारी में 57 गेंदों में 9 चौके और 9 छक्कों से 119 रन बनाकर आउट हुए।

ADVERTISEMENT

उपलब्धि

इंग्लैंड के खिलाफ शतक जड़ने वाले तीसरे ऑस्ट्रेलियाई बने मार्श

इस शतक के साथ मार्श ने खास उपलब्धि हासिल कर ली। वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में इंग्लैंड के खिलाफ शतक जड़ने वाले तीसरे कंगारू बल्लेबाज बने हैं।

उन्होंने इस मामले में पूर्व कप्तान आरोन फिंच और ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल की बराबरी कर ली है।

फिंच ने साल 2013 में साउथेम्प्टन में 63 गेंदों में 156 रन की पारी खेली थी। इसी तरह मैक्सवेल ने 2018 में होबार्ट में 58 गेंदों में नाबाद 103 रन की शतकीय पारी खेली थी।

ADVERTISEMENT

उपलब्धि

ऑस्ट्रेलिया के लिए दूसरे सर्वाधिक टी-20 अंतरराष्ट्रीय छक्के

मार्श ने अपनी पारी में 9 छक्के लगाए। इसके साथ ही उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 130 छक्के हो गए हैं।

वह अब इस प्रारूप में ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए दूसरे सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।

इस सूची में मैक्सवेल (150) पहले और फिंच (125) तीसरे नंबर पर हैं। मार्श के 9 छक्के इंग्लैंड के खिलाफ किसी ऑस्ट्रेलियाई द्वारा लगाए गए दूसरे सर्वाधिक हैं।

इससे पहले 2013 में साउथेम्प्टन में फिंच ने 14 छक्के लगाए थे।

जानकारी

ऑस्ट्रेलिया के लिए एक से अधिक शतक लगाने वाले चौथे बल्लेबाज

इस शतक के साथ मार्श ऑस्ट्रेलिया के लिए एक अधिक शतक लगाने वाले चौथे बल्लेबाज भी बन गए हैं। सूची में मैक्सवेल (5) पहले पायदान पर हैं। इसी तरह फिंच, जोश इंग्लिस और मार्श ने 2-2 शतक लगाए हैं।

अर्धशतक

कर्रन ने जड़ा तीसरा टी-20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक

इंग्लैंड के कर्रन ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का तीसरा और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहला ही अर्धशतक रहा।

वह पारी में 28 गेंदों में 2 चौके और 4 छक्कों से 50 रन बनाकर आउट हुए। वह अब 84 मैचों में 22.63 की औसत और 131.23 की स्ट्राइक रेट से 815 रन बना चुके हैं।

टी-20 क्रिकेट में यह उनका 37वां अर्धशतक रहा है। वह एक शतक भी जड़ चुके हैं।

ADVERTISEMENT