Loading...
इंग्लैंड ने श्रीलंका को दूसरे टी-20 में 6 विकेट से हराया, सीरीज में ली अजेय बढ़त 
इंग्लैंड को दूसरे टी-20 में शानदार जीत मिली (तस्वीर: एक्स/@englandcricket)

इंग्लैंड ने श्रीलंका को दूसरे टी-20 में 6 विकेट से हराया, सीरीज में ली अजेय बढ़त 

Sep 18, 2026
08:15 am

क्या है खबर?

इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में श्रीलंका क्रिकेट टीम को 6 विकेट से हरा दिया। इसी के साथ उसने 3 मैचों की टी-20 सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त ले ली। पहले मुकाबले में उसे 119 रन से जीत मिली थी। दूसरे टी-20 में श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 145/9 का स्कोर बनाया था। जवाब में इंग्लैंड ने 12.1 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर नजर डाल लेते हैं।

लेखा-जोखा

मैच का लेखा-जोखा 

मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। श्रीलंका के लिए सबसे ज्यादा रन पथुम निसांका (37) ने बनाए।

इंग्लैंड के लिए लियाम डॉसन ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। जोफ्रा आर्चर और जेमी ओवरटन के खाते में 2-2 विकेट आए।

जवाब में टॉम बैंटन (52*) की बेहतरीन पारी के दम पर इंग्लैंड ने 4 विकेट खोकर ही लक्ष्य हासिल कर लिया।

जोस बटलर के बल्ले से 30 रन निकले।

अर्धशतक

ऐसी रही बैंटन की पारी 

बैंटन ने 24 गेंदों का सामना किया और 52 रन बनाकर नाबाद रहे। उनके बल्ले से 2 चौके और 4 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 216.67 की रही।

यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 5वां अर्धशतक रहा। श्रीलंका के खिलाफ इस खिलाड़ी ने अपना दूसरा पचासा लगाया।

अब तक इस खिलाड़ी ने 42 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं और इसकी 36 पारियों में 26.56 की औसत और 150.37 की स्ट्राइक रेट से 797 रन बनाए हैं।

ADVERTISEMENT

रन

जोस बटलर 15,000 टी-20 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बने 

जोस बटलर ने किरोन पोलार्ड को पीछे छोड़कर टी-20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए।

वह इस प्रारूप में 15,000 रन पूरे करने वाले पहले खिलाड़ी बने हैं।

क्रिकइंफो के अनुसार, 528 टी-20 मैचों की 497 पारियों में उन्होंने 35 से ज्यादा की औसत से ये रन बनाए हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 147.46 की है।

बटलर के नाम 9 शतक, 107 अर्धशतक हैं। इनमें से 4,322 रन इंग्लैंड के लिए टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में आए हैं।

ADVERTISEMENT

गेंदबाजी

ऐसी रही डॉसन की गेंदबाजी 

डॉसन ने 4 ओवर में 32 रन देकर 3 विकेट लिए। इसके साथ ही इंग्लैंड के लिए 38 मैचों में उनके विकेटों की संख्या 39 हो गई है।

इस दौरान उनकी गेंदबाजी औसत 22.87 की है।

पिछले मुकाबले में उन्होंने 23 रन देकर 2 विकेट लिए थे।

क्रिकइंफो के अनुसार, डॉसन ने श्रीलंका के खिलाफ 7 मैचों में 14 विकेट लिए हैं। कुल टी-20 क्रिकेट में 36 वर्षीय डॉसन के नाम 371 मैचों की 243 पारियों में 314 विकेट हैं।

ADVERTISEMENT