टी-20 विश्व कप के लिए इंग्लैंड ने घोषित की अपनी टीम, वोक्स को मिली जगह
क्या है खबर?
इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने इस साल के अंत में होने वाले टी-20 विश्व कप के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम घोषित कर दी है। इसके साथ ही तीन रिजर्व खिलाड़ियों को भी टीम में शामिल किया गया है।
विश्व कप से पहले इंग्लैंड को पाकिस्तान का दौरा भी करना है और उस दौरे के लिए अलग टीम का चयन किया गया है।
आइए जानते हैं कैसी है इंग्लैंड की पूरी टीम।
क्रिस वोक्स
नवंबर 2021 के बाद से कोई टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेले हैं वोक्स
क्रिस वोक्स की वापसी इंग्लैंड के खेमे से आया सबसे बड़ा निर्णय है क्योंकि वोक्स ने पिछले साल टी-20 विश्व कप के बाद से कोई टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला नहीं खेला है। वोक्स ने आखिरी वनडे भी जुलाई 2021 में खेला था।
वोक्स ने अब तक 16 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले ही खेले हैं जिसमें उन्होंने 98 रन बनाने के अलावा 15 विकेट हासिल किए हैं। संभवतः इंग्लैंड अपने गेंदबाजी विकल्प को बढ़ाने के लिए वोक्स को लाई है।
हैरी ब्रूक
23 साल के ब्रूक को भी मिला मौका
इस साल जनवरी में ही अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करने वाले 23 साल के बल्लेबाज हैरी ब्रूक को भी विश्व कप का टिकट मिला है। ब्रूक ने इंग्लैंड के लिए चार टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं।
ब्रूक के पास कुल 83 टी-20 मुकाबले खेलने का अनुभव है। उन्होंने टी-20 में 34.27 की औसत के साथ 2,125 रन बनाए हैं। टी-20 में उन्होंने एक शतक और आठ अर्धशतक लगाए हैं।
हेल्स और रॉय
हेल्स और रॉय को नहीं मिली टीम में जगह
टी-20 क्रिकेट में 10 हजार से अधिक रन बना चुके एलेक्स हेल्स को एक बार फिर से निराशा हाथ लगी है। हेल्स ने मार्च 2019 के बाद से इंग्लैंड के लिए कोई मुकाबला नहीं खेला है।
फिलहाल शानदार फॉर्म में चल रहे हेल्स ने 358 टी-20 मैचों में 10,096 रन बनाए हैं। उन्होंने टी-20 में पांच शतक और 63 अर्धशतक लगाए हैं। जेसन रॉय को भी विश्व कप टीम से बाहर रखा गया है।
जानकारी
टी-20 विश्व कप के लिए इंग्लैंड की टीम
जोस बटलर, मोईन अली, जॉनी बेयरस्टो, हैरी ब्रूक, सैम कर्रन, क्रिस जॉर्डन, लियाम लिविंगस्टोन, डेविड मलान, आदिल रशीद, फिल साल्ट, बेन स्टोक्स, रीस टोपली, डेविड विली, क्रिस वोक्स और मार्क वुड। रिजर्व खिलाड़ी: लियाम डाउसन, रिचर्ड ग्लेसन और टायमल मिल्स।