न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन का ऐलान, ये हुए बदलाव
क्या है खबर?
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ द ओवल में बुधवार (17 जून) से होने वाले दूसरे टेस्ट के लिए इंग्लैंड ने अपनी प्लेइंग इलेवन का ऐलान कर दिया है। टीम में 4 बदलाव हुए हैं। जॉर्डन कॉक्स और सॉनी बेकर को डेब्यू का मौका मिला है। मैट फिशर करीब 4 साल बाद टीम में लौटे हैं। तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर भी प्लेइंग इलेवन में शामिल किए गए हैं। जो रूट टीम के कप्तान होंगे। सीरीज में इंग्लैंड 1-0 से आगे है।
बदलाव
इस कारण करने पड़े बदलाव
इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स और तेज गेंदबाज गस एटकिंसन को पहले टेस्ट के बाद जश्न के दौरान टीम प्रोटोकॉल के उल्लंघन के कारण बाहर किया गया है। वहीं, ओली रॉबिन्सन ट्रेनिंग के दौरान घुटने में चोट लगने से मुकाबले से बाहर हो गए। स्पिनर शोएब बशीर को भी टीम में जगह नहीं मिली, क्योंकि टीम प्रबंधन का मानना है कि ओवल की परिस्थितियों में उनकी ऑफ स्पिन ज्यादा प्रभावी साबित नहीं होगी।
प्लेइंग इलेवन
दूसरे टेस्ट के लिए ऐसी है इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन
दूसरे टेस्ट के लिए ऐसी ही इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन: एमिलियो गे, बेन डकेट, जैकब बेथेल, जो रूट (कप्तान), हैरी ब्रूक, जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), जॉर्डन कॉक्स, जोफ्रा आर्चर, जोश टंग, मैट फिशर और सॉनी बेकर। रूट पहले टेस्ट की दोनों पारियों में कुछ खास नहीं कर पाए थे। ऐसे में उनसे इस मुकाबले में कप्तान के तौर पर एक बड़ी पारी की उम्मीद होगी। वहीं, इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में शानदार फॉर्म में रहे आर्चर भी जोरदार प्रदर्शन करना चाहेंगे।
करियर
ऐसा रहा है कॉक्स का लिस्ट-A करियर
कॉक्स ने अब तक 62 प्रथम श्रेणी मुकाबले खेले हैं और इसकी 99 पारियों में 41.81 की औसत से 3,889 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 11 शतक और 14 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 238* रन रहा है। ये खिलाड़ी वनडे और टी-20 अंतरराष्ट्रीय में इंग्लैंड के लिए डेब्यू कर चुका है। वनडे में उन्होंने 3 पारियों में 22 रन बनाए हैं। टी-20 अंतरराष्ट्रीय में उनके बल्ले से 4 पारियों में 88 रन निकले हैं।
जानकारी
सॉनी बेकर के आंकड़ों पर एक नजर
बेकर ने 13 प्रथम श्रेणी मुकाबले खेले हैं और इसकी 22 पारियों में 29.38 की औसत से 44 विकेट लिए हैं। उन्होंने एक बार 4 विकेट हॉल और 4 बार 5 विकेट हॉल अपने नाम किए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/45 का रहा है।