इंग्लैंड बनाम भारत: पहले टी-20 मैच का प्रीव्यू और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम एक जुलाई को इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ 5 मैचों की सीरीज का पहला टी-20 मैच खेलेगी। आयरलैंड के खिलाफ हाल ही में 2-0 से मिली शर्मनाक हार को भूलाकर श्रेयस अय्यर की टीम अच्छा प्रदर्शन करने के इरादे से उतरेगी। दूसरी तरफ इंग्लैंड की टीम हैरी ब्रूक के नेतृत्व में अपनी चुनौती पेश करेगी। ऐसे में आइए मुकाबले का प्रीव्यू और महत्वपूर्ण बातों पर एक नजर डालते हैं।
हेड-टू-हेड
इंग्लैंड के खिलाफ भारत का पलड़ा रहा है भारी
भारत और इंग्लैंड के बीच 30 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले हुए हैं। इस दौरान भारतीय टीम को 18 मुकाबलों में जीत मिली है। 12 मैच में उसे हार का सामना करना पड़ा है। इंग्लैंड में दोनों टीमों के बीच 9 मुकाबले खेले गए हैं। भारतीय टीम को 4 मैच में जीत और 5 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। दोनों टीमों के बीच खेले गए आखिरी 3 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में भारतीय टीम ने जीत दर्ज की है।
भारत
ऐसी हो सकती है भारत की प्लेइंग इलेवन
संजू सैमसन आयरलैंड के खिलाफ सीरीज में बुरी तरह से फ्लॉप रहे थे। ऐसे में अगर उन्हें प्लेइंग इलेवन से बाहर किया जाता है तो युवा वैभव सूर्यवंशी उनकी जगह खेलते हुए नजर आ सकते हैं। चोट के बाद वापसी करने वाले वरुण चक्रवर्ती भी प्लेइंग इलेवन में मौका मिल सकता है। संभावित एकादश: अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी/संजू सैमसन, ईशान किशन, तिलक वर्मा, श्रेयस अय्यर (कप्तान), शिवम दुबे, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती और रवि बिश्नोई।
इंग्लैंड
ऐसी हो सकती है इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन
इंग्लैंड के पास ऑलराउंडर खिलाड़ियों की फौज है, जिससे टीम काफी मजबूत और संतुलित नजर आती है। टीम में जोस बटलर और आदिल राशिद जैसे अनुभवी खिलाड़ी भी मौजूद हैं। तेज गेंदबाजी विभाग की जिम्मेदारी जोफ्रा आर्चर के कंधों पर होगी, जबकि फिल सॉल्ट से विस्फोटक बल्लेबाजी की उम्मीद रहेगी। संभावित एकादश: हैरी ब्रूक (कप्तान), विल जैक्स, जैकब बेथल, फिल सॉल्ट, जोस बटलर, टॉम बैंटम, सैम कर्रन, लियाम डॉसन, जोफ्रा आर्चर, ल्यूक वुड और आदिल राशिद।
पिच रिपोर्ट
कैसा है चेस्टर-ले-स्ट्रीट की पिच का मिजाज?
इंग्लैंड के चेस्टर-ले-स्ट्रीट स्थित रिवरसाइड मैदान की पिच संतुलित मानी जाती है। यहां गेंद अच्छी तरह बल्ले पर आती है, लेकिन तेज गेंदबाजों को भी मदद मिलती है। नई गेंद से स्विंग और सीम मूवमेंट देखने को मिल सकता है, जिसका फायदा गेंदबाज उठा सकते हैं। रोशनी में खेले जाने वाले मुकाबलों में गेंद और अधिक हरकत करती है। पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को हल्का फायदा मिल सकता है और बड़ा स्कोर मैच में निर्णायक साबित हो सकता है।
जानकारी
कैसा रहेगा मौसम?
एक्यूवेदर के अनुसार, 1 जुलाई को चेस्टर-ले-स्ट्रीट का मौसम पूरी तरह साफ नहीं रहेगा। अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान के 14 डिग्री रहने का अनुमान है। बुधवार को बारिश होने की 35 प्रतिशत संभावना है। बारिश मैच में खलल भी डाल सकती है।
प्रदर्शन
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेंगी नजरें
इंग्लैंड के लिए बेथल ने पिछले 10 मैच में 29.6 की औसत और 146.53 की स्ट्राइक रेट से 296 रन बनाए हैं। ब्रूक के बल्ले से पिछले 10 मैच में 169.75 की स्ट्राइक रेट से 275 रन निकले हैं। सैमसन ने पिछले 7 मैच में 326 रन बनाए हैं। ईशान के बल्ले से पिछले 10 मैच 310 रन निकले हैं। आदिल ने पिछले 10 मैच में 15 विकेट चटकाए हैं। वरुण के नाम पिछले 8 मैचों में 13 विकेट है।
जानकारी
कब और कहां देखें मुकाबला?
भारत और इंग्लैंड के बीच ये मुकाबला 1 जुलाई को चेस्टर-ले-स्ट्रीट स्थित रिवरसाइड मैदान में भारतीय समयानुसार रात 10 बजे से शुरू होगा। भारत में सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क और सोनी लिव ऐप पर इसका सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।