विंबलडन 2022: एलेना रयबकिना ने रचा इतिहास, खिताब जीतने वाली कजाकिस्तान की पहली खिलाड़ी बनीं
क्या है खबर?
17वीं वरीयता प्राप्त एलेना रयबकिना ने महिला एकल के फाइनल में दुनिया की नंबर दो खिलाड़ी ओन्स जबूर को हराकर अपना पहला विंबलडन खिताब जीत लिया है।
रयबकिना ने लगभग दो घंटे से ज्यादा चले मुकाबले में 3-6, 6-2, 6-2 से जीत दर्ज की। इसके साथ ही वह ग्रास कोर्ट स्लैम जीतने वाली कजाकिस्तान की पहली खिलाड़ी बन गई हैं।
23 वर्षीय रयबकिना 2011 के बाद से विंबलडन जीतने वाली सबसे युवा महिला बन गई हैं।
सफर
ऐसा रहा रयबकिना का सफर
रयबकिना ने पहले दौर में कोको को 7-6(2), 7-5 से हराया।
उन्होंने दूसरे दौर में कनाडा की बियांका एंड्रीस्कु को 6-4, 7-6(5) से हराया।
तीसरे दौर में रयबाकिना ने चीन की किनवेन झेंग को सीधे सेटों में 7-6(4), 7-5 से हराया।
वहीं राउंड ऑफ-16 में पेट्रा मार्टिक को 7-5, 6-3 से मात दी।
उन्होंने क्वार्टर फाइनल में अजला टोमलजानोविक को 4-6, 6-2, 6-3 से मात दी।
सेमीफाइनल मुकाबले में उन्होंने सिमोना हालेप के खिलाफ जीत दर्ज की।
कीर्तिमान
रायबकिना ने बनाए ये कीर्तिमान
वह 2015 में गार्बाइन मुगुरुजा (21 साल की उम्र में) के बाद विंबलडन के फाइनल में पहुंचने वाली सबसे कम उम्र की फाइनलिस्ट बन गईं थी।
ऑप्टा के अनुसार, रायबकिना 1984 के बाद से ग्रास-कोर्ट स्लैम के फाइनल में पहुंचने वाली चौथी सबसे निचली रैंक वाली (23वीं) महिला खिलाड़ी बनी हैं। वह केवल 2018 में सेरेना विलियम्स (181वें), 2007 में वीनस विलियम्स (31वें) और 2013 में सबाइन लिसिकी (24वें) से पीछे हैं।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस
ऑप्टा के अनुसार, रयबाकिना ओपन एरा में ग्रास कोर्ट पर WTA खिताब जीतने वाली पहली कजाख महिला बनी हैं। ओपन एरा (3) में अब उनके नाम किसी कजाकिस्तान महिला द्वारा सबसे अधिक WTA खिताब हैं।
उपलब्धियां
रयबकिना की कुछ उपलब्धियां
रयबकिना अब तीन WTA खिताब जीतने वाली खिलाड़ी बन गई हैं। उन्होंने इससे पहले 2019 में बुखारेस्ट ओपन और 2020 में होबार्ट इंटरनेशनल अपने नाम किया था।
वह WTA इवेंट्स में छह बार उपविजेता रही हैं।
वह इस साल की शुरुआत में खेले गए एडिलेड इंटरनेशनल में उपविजेता रही थी। उस निर्णायक मुकाबले में रयबकिना को तीन बार की ग्रैंड स्लैम विजेता एश्ले बार्टी से सीधे सेटों में 3-6, 2-6 से हार मिली थी।