एजबेस्टन टेस्ट: सऊद शकील पाकिस्तान की शर्मनाक बल्लेबाजी पर भड़के, कहा- यह बेहद निराशाजनक
क्या है खबर?
पाकिस्तान क्रिकेट टीम बल्लेबाजी इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ एजबेस्टन में खेले जा रहे सीरीज के तीसरे और अंतिम टेस्ट मैच में एक बार फिर ताश का महल शाबित हुई। सीरीज की सबसे बेहतरीन बल्लेबाजी पिच पर पूरी पाकिस्तानी टीम महज 33.5 ओवरों में 133 रनों पर सिमट गई। इस लचर और निराशाजनक प्रदर्शन के बाद 43 रन की पारी खेलने वाले स्टार बल्लेबाज सऊद शकील ने अपनी ही टीम को आड़े हाथों लिया है।
बयान
शकील ने क्या दिया बयान?
शकील ने पहले दिन के खेल के बाद पाकिस्तानी बल्लेबाजों के खराब शॉट चयन और विकेट फेंकने को लेकर कहा, "यह बेहद निराशाजनक है। एक बल्लेबाजी इकाई के रूप में हम बार-बार वही गलतियां दोहरा रहे हैं। हम गुच्छों (लगातार अंतराल) में आउट हो रहे हैं और आज कई बल्लेबाज बहुत ही खराब और गैर-जिम्मेदाराना शॉट खेलकर आउट हुए।"
उन्होंने बिना किसी हिचकिचाहट के टीम की कमजोरियों को स्वीकार किया है।
मौका
हमारे पास था अच्छी साझेदारी बनाने का मौका- शकील
शकील ने कहा, "जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ेगा पिच में सुधार होगा, लेकिन शुरुआत में इसमें नमी और हरकत थी। हमें टॉस हाने के बाद पहले बल्लेबाजी करनी पड़ी। इससे बादलों से घिरे मौसम ने इंग्लैंड को फायदा पहुंचाया।"
उन्होंने कहा, "हमारे पास एक अच्छी साझेदारी बनाने का मौका था क्योंकि दिन चढ़ने के साथ पिच बेहतर होती गई। नई गेंद से तो इंग्लैंड के शीर्ष क्रम को भी संघर्ष करना पड़ा, इसलिए नई गेंद को संभलकर खेलना जरूरी था।"
परिस्थिति
चुनौतीपूर्ण इंग्लिश पिचों और परिस्थितियों पर क्या बोले शकील?
शकील ने कहा, "परिस्थितियां काफी चुनौतीपूर्ण थीं, खासकर लॉर्ड्स में। इंग्लैंड में जैसे गेंदबाजी अनुकूल विकेट मिले हैं, उसने हमें थोड़ा चौंकाया है, क्योंकि गर्मियों की शुरुआत में यहां जैसी क्रिकेट हुई थी, उसे देखकर हमने ऐसी पिचों की उम्मीद नहीं की थी। अगर आप न्यूजीलैंड सीरीज से तुलना करें, तो पाएंगे कि यहां गेंद देर से स्विंग हो रही है। शायद हम इसके आदी नहीं हैं, लेकिन हम अपनी तरफ से पूरी कोशिश कर रहे थे।"
संघर्ष
अपनी बल्लेबाजी पर क्या बोले शकील?
शकील ने कहा, "मैं किसी भी परिस्थिति की मांग के अनुसार खेलने की कोशिश करता हूं। चूंकि मेरे सामने लगातार विकेट गिर रहे थे, इसलिए मेरे पास सबसे अच्छा विकल्प यही था कि मैं जितने हो सके उतने रन बनाऊं। यही वजह थी कि मैं परिस्थितियों के तालमेल बिठाने के लिए तेजी से रन बना रहा था।"
बता दें कि शकील ने 91.49 की स्ट्राइक रेट से 47 गेंदों में 7 चौकों की मदद से 43 रन बनाने थे।
बल्लेबाजी
कैसी रही पाकिस्तान की पहली पारी?
पाकिस्तान ने पहली पारी में बेहद शर्मनाक बल्लेबाजी की और पूरी टीम 133 रन पर सिमट गई। शीर्ष 5 बल्लेबाजों में से कोई भी दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर सका।
इंग्लैंड की धरती पर टेस्ट मैच की पहली पारी में पाकिस्तान के साथ ऐसा पहली बार हुआ है।
शकील (43) ने अकेले संघर्ष दिखाया। इंग्लैंड के लिए जोश टंग ने सर्वाधिक 4 विकेट लिए। ओली रोबिन्सन और जोफ्रा आर्चर ने 3-3 विकेट चटकाए।