दलीप ट्रॉफी 2026: वैभव सूर्यवंशी पहले प्रथम श्रेणी शतक से चूके, तोड़ा 57 साल पुराना रिकॉर्ड
क्या है खबर?
दलीप ट्रॉफी 2026 के सेमीफाइनल मुकाबले में 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने ईस्ट जोन की ओर से खेलते हुए इतिहास रच दिया। उन्होंने बेंगलुरु स्थित BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस मैदान पर सेंट्रल जोन के खिलाफ धमाकेदार अर्धशतकीय पारी (92) खेली। हालांकि, वह महज 8 रन से अपना पहला प्रथम श्रेणी शतक पूरा करने से चूक गए। इसके साथ ही उन्होंने दलीप ट्रॉफी इतिहास में 57 साल पुराना एक रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। आइए उस पर नजर डालते हैं।
बल्लेबाजी
कैसी रही सूर्यवंशी की पारी और साझेदारी?
सेंट्रल जोन के पहली पारी में बनाए 266 रन के जवाब में सूर्यवंशी और अभिमन्यु ईश्वरन की सलामी जोड़ी ने ईस्ट जोन को शानदार शुरुआत दिलाई।
दोनों पहले विकेट के लिए 152 गेंदों में 161 रन की शानदार शतकीय साझेदारी निभाई।
इस दौरान सूर्यवंशी ने पहले अपना अर्धशतक पूरा किया और फिर तेजी से शतक की ओर बढ़े, लेकिन उसे पूरा नहीं कर पाए।
वह 81 गेंदों में 7 चौके और 7 छक्कों से 92 रन बनाकर आउट हुए।
रिकॉर्ड
दलीप ट्रॉफी में अर्धशतक जड़ने वाले सबसे युवा बल्लेबाज
इस पारी के साथ सूर्यवंशी अब दलीप ट्रॉफी में अर्धशतक जड़ने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने महज 15 साल और 157 दिन की उम्र में यह कारनामा किया है।
उन्होंने इस मामले में 57 साल पुराना लक्ष्मण सिंह रिकॉर्ड तोड़ दिया। उन्होंने साल 1969 में 16 साल और 23 दिन की उम्र में दलीप ट्रॉफी में अर्धशतक जमाया था।
सूर्यवंशी ने न केवल यह रिकॉर्ड तोड़ा है, बल्कि उम्र के फासले को भी काफी पीछे छोड़ दिया।
जानकारी
सूर्यवंशी ने सारांश जैन की गेंद पर छक्का जड़कर पूरा किया अर्धशतक
सूर्यवंशी ने इस मुकाबले में सेंट्रल जोन के गेंदबाजों की खबर लेते हुए केवल 42 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट डेब्यू करने वाले ऑफ-स्पिनर सारांश जैन की गेंद पर छक्का जड़कर यह रिकॉर्ड बनाया।
करियर
कैसा रहा है सूर्यवंशी का प्रथम श्रेणी करियर?
सूर्यवंशी ने 2024 में अपना प्रथम श्रेणी डेब्यू किया था। उसके बाद वह अब तक 10 मुकाबले खेल चुके हैं, जिसकी 14 पारियों में 17 से अधिक की औसत से 307 रन बनाने में सफल रहे हैं।
इस दौरान उन्होंने 2 अर्धशतक भी जड़े हैं। उनका प्रथम श्रेणी क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ स्कोर 93 रन का रहा है।
वह भारत के लिए 6 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 31.16 की औसत और 189.21 की स्ट्राइक रेट से 193 रन बना चुके हैं।