Loading...
दलीप ट्रॉफी 2026, फाइनल: साउथ जोन की पहली पारी लड़खड़ाई, ऐसा रहा तीसरा दिन
मोहम्मद शमी ने साउथ जोन के खिलाफ अब तक 2 विकेट चटका लिए हैं

दलीप ट्रॉफी 2026, फाइनल: साउथ जोन की पहली पारी लड़खड़ाई, ऐसा रहा तीसरा दिन

Sep 08, 2026
05:50 pm

क्या है खबर?

दलीप ट्रॉफी 2026 के खिताबी मुकाबले का तीसरा दिन ईस्ट जोन के नाम रहा। पहली पारी में 708 रनों का विशाल स्कोर खड़ा करने के बाद ईस्ट जोन के गेंदबाजों ने साउथ जोन की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक साउथ जोन ने अपनी पहली पारी में 6 विकेट खोकर 242 रन बना लिए हैं और वह अभी भी 466 रन पीछे है। कप्तान तिलक वर्मा (56) और चामा मिलिंद (2) क्रीज पर हैं।

बल्लेबाजी

देवदत्त पडिक्कल ने जड़ा 22वां प्रथम श्रेणी अर्धशतक

साउथ जोन के लिए देवदत्त पडिक्कल ने अपनी फॉर्म को बरकरार रखते हुए शानदार अर्धशतकीय पारी (62) खेली।

यह उनके प्रथम श्रेणी करियर का 22वां अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 65 गेंदों में पूरा किया।

उन्होंने नारायण जगदीशन (32) के साथ दूसरे विकेट के लिए 60 रन और शेख रशीद (27) के साथ तीसरे विकेट के लिए 56 रन की अहम साझेदारी निभाई।

वह अपनी पारी में 104 गेंदों में 4 चौकों की मदद से 62 रन बनाकर आउट हुए।

संघर्ष

अर्धशतक के साथ जारी है तिलक का संघर्ष

साउथ जोन के कप्तान तिलक का दिन का खेल खत्म होने तक अर्धशतक (56*) के साथ संघर्ष जारी है।

उन्होंने स्मरण रविचंद्रन (23) के साथ 5वें विकेट के लिए 45 रन और श्रेयस गोपाल (26) के साथ छठे विकेट के लिए 66 रन की साझेदारी निभाते हुए विकेट पतन को रोका।

यह उनके प्रथम श्रेणी करियर का 15वां 50+ स्कोर रहा है। अगर, वह चौथे दिन लंबी पारी खेलने में सफल होते हैं तो टीम को मदद मिलेगी।

ADVERTISEMENT

जिद

वैभव सूर्यवंशी ने ईशान किशन से की DRS लेने की जिद

मुकाबले में मैदान पर एक बेहद दिलचस्प वाकया देखने को मिला।

ईस्ट जोन के युवा उपकप्तान वैभव सूर्यवंशी ने अपनी बेहतरीन सूझबूझ का परिचय देते हुए न सिर्फ कप्तान ईशान किशन को फैसला समीक्षा प्रणाली (DRS) लेने के लिए मजबूर किया, बल्कि साउथ जोन के सलामी बल्लेबाज रिकी भूई को पवेलियन का रास्ता भी दिखाया।

उनकी इस जिद की आवाज स्टंप माइक्रोफोन में भी कैद हो गई। इस घटना का वीडियो वायरल हो रहा है।

ADVERTISEMENT

गेंदबाजी

कैसी रही ईस्ट जोन की गेंदबाजी?

तीसरे दिन ईस्ट जोन के गेंदबाजों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया।

तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 11 ओवर में मात्र 17 रन देकर 2 अहम विकेट अपने नाम लिए।

इसी तरह तेज गेंदबाज मुकेश कुमार ने भी 12 ओवर में 36 रन देकर 2 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए।

कौनैन कुरैशी 31 ओवर में 77 रन देकर एक और शिखर मोहन 13 ओवर में 52 रन देकर एक विकेट झटकने में सफल रहे हैं।

ADVERTISEMENT