दलीप ट्रॉफी 2026, फाइनल: ईशान किशन ने जड़ा दूसरा प्रथम श्रेणी दोहरा शतक, ये बनाए रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
दलीप ट्रॉफी 2026 के फाइनल मैच में ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन ने साउथ जोन के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए दोहरा शतक जड़ा। यह उनके प्रथम श्रेणी करियर का 10वां शतक होने के साथ दूसरा दोहरा शतक भी रहा, जिसे उन्होंने 270 गेंदों में पूरा किया। उनकी पारी की बदौलत ईस्ट जोन की टीम दूसरे दिन स्कोर को 550 के पार पहुंचाने में सफल रही है। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
बल्लेबाजी
कैसी रही किशन की पारी और साझेदारी?
ईस्ट जोन को 147 रन के कुल स्कोर पर तीसरा झटका लगाने के बाद किशन क्रीज पर आए थे।
चेपॉक स्टेडियम में उन्होंने टिककर बल्लेबाजी की और 122 गेंदों में अपना शतक पूरा किया।
उन्होंने चौथे विकेट के लिए शिखर मोहन (85) के साथ मिलकर 94 रन और 5वें विकेट के लिए कुमार कुशाग्र (101) के साथ 230 रन की दोहरी शतकीय साझेदारी निभाई।
वह अपनी पारी में अब तक 26 चौके और 2 छक्के जड़कर नाबाद हैं।
आंकड़े
ऐसा है किशन का प्रथम श्रेणी करियर
किशन ने अब तक 67 प्रथम श्रेणी मैच खेले हैं, जिसकी 109 पारियों में 40 की औसत के साथ 4,150* से अधिक रन बना चुके हैं।
इस बीच उन्होंने 10 शतक के अलावा 19 अर्धशतक अपने नाम किए हैं। इस प्रारूप में उनका सर्वोच्च स्कोर 273 रन रहा है।
वह घरेलू क्रिकेट में झारखंड का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने 2014 में रणजी ट्रॉफी में असम के खिलाफ अपने प्रथम श्रेणी करियर की शुरुआत की थी।
जानकारी
किशन ने भारत से खेले हैं 2 टेस्ट
किशन को अभी तक भारतीय क्रिकेट टीम से केवल 2 ही टेस्ट मैच खेलने का मौका मिला है, जिसकी 3 पारियों में उन्होंने कुल 78 रन बनाए हैं। उन्होंने 2023 में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ अपना आखिरी टेस्ट मैच खेला था।
सफलता
ईस्ट जोन बड़े स्कोर की ओर अग्रसर
मुकाबले में ईस्ट जोन की टीम अपनी पहली पारी में बड़ा स्कोर खड़ा करने की ओर बढ़ चुकी है।
टीम ने समाचार लिखे जाने तक 5 विकेट पर 550 से अधिक रन बना लिए थे।
तिलक वर्मा की कप्तानी वाली साउथ जोन की टीम मैच में संघर्ष करती नजर आई है। चामा मिलिंद को छोड़कर अन्य गेंदबाज बेअसर दिखे।
स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज 21 ओवरों में 118 से अधिक रन लुटाकर भी कोई विकेट हासिल नहीं कर सके।