दिलीप वेंगसरकर बोले- चयनकर्ता में कप्तान-कोच के फैसलों को चुनौती देने का दम होना चाहिए
क्या है खबर?
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ वेलिंगटन टेस्ट में मोहम्मद सिराज और रविंद्र जडेजा को मौका नहीं मिला। इसके बाद भारतीय टीम के चयन पर सवाल उठ रहे हैं। भारत के पूर्व कप्तान और मुख्य चयनकर्ता दिलीप वेंगसरकर का मानना है कि इसका समाधान सिर्फ चयनकर्ता को टीम के साथ दौरे पर भेजने से नहीं निकलेगा। इसके बजाय जरूरी है कि चयनकर्ताओं का कद इतना बड़ा हो कि वे कप्तान और कोच के फैसलों को चुनौती देने का दम रखते हों।
शानदार
चयनकर्ता केवल दर्शक बनकर नहीं रख सकता
वेंगसरकर को भारत के सबसे बेहतरीन मुख्य चयनकर्ताओं में गिना जाता है।
उनका मानना है कि टीम के साथ दौरे पर जाने वाला चयनकर्ता सिर्फ दर्शक बनकर नहीं रह सकता। उसे प्लेइंग इलेवन चुनने की प्रक्रिया का हिस्सा होना चाहिए। इसके साथ ही उसमें इतनी मजबूती और अधिकार भी होने चाहिए कि जब उसे लगे कि टीम प्रबंधन कोई बड़ा फैसला गलत ले रहा है तो वह उसमें हस्तक्षेप कर सके और अपनी बात मजबूती से रख सके।
बयान
वेंगसरकर ने क्या कहा?
वेंगसरकर ने टाइम्स ऑफ इंडिया से कहा, "जब मैं चयन समिति का अध्यक्ष था तब 5 सदस्यीय समिति का कोई भी सदस्य अगर टीम के साथ दौरे पर जाता था तो वह कप्तान और उपकप्तान के साथ चयन बैठक की अध्यक्षता करता था। ऐसे में चयनकर्ता की प्लेइंग इलेवन चुनने में स्वाभाविक रूप से भूमिका होती थी।"
उन्होंने आगे कहा, "बैठक में चयनकर्ता, कोच, कप्तान और उपकप्तान शामिल होने चाहिए और इसका आयोजन टीम मैनेजर को करना चाहिए।"
कप्तान
कप्तान की उम्र या अनुभव कोई खास मायने नहीं रखता- वेंगसरकर
वेंगसरकर का मानना है कि यहां कप्तान की उम्र या अनुभव कोई खास मायने नहीं रखता।
उन्होंने अपने बयान में आगे कहा, "यह इस बात पर निर्भर करता है कि दौरे पर टीम के साथ जाने वाले चयनकर्ता का कद कितना बड़ा है। अगर कोई कम कद वाला व्यक्ति टीम के साथ जाता है तो उस पर प्रभाव डाला जा सकता है या फिर उसे दबाव में रखा जा सकता है।"
किस्सा
वेंगसरकर ने साझा किया एक किस्सा
वेंगसरकर ने एक दौरे का किस्सा साझा किया। हालांकि, उन्होंने कप्तान और कोच का नाम नहीं बताया।
उन्होंने कहा, "कोच को इस बात का बुरा लगा था कि कप्तान प्लेइंग इलेवन चुनते समय उनसे सलाह नहीं ले रहा था। मैंने कप्तान से कहा मैं आपके और उपकप्तान के साथ अब चयन बैठक की अध्यक्षता करूंगा और टीम मैनेजर इसका आयोजन करेंगे।
इसके बाद कप्तान ने कहा, "अगर आप बैठक की अध्यक्षता कर रहे हैं तो मुझे कोई परेशानी नहीं है।"