भारतीय टीम को कोलंबो टेस्ट में विराट कोहली की कमी खली? जानिए मोहम्मद कैफ की राय
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम और श्रीलंका क्रिकेट टीम के बीच खेला गया कोलंबो टेस्ट मजबूत पकड़ के बावजूद ड्रॉ पर समाप्त हुआ, जिससे भारतीय टीम 2-0 से क्लीन स्वीप करने से चूक गई। इस नतीजे पर पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने कहा कि अगर इस मुकाबले में विराट कोहली खेल रहे होते, तो भारतीय टीम मैच जीतकर ही लौटती। बता दें कि सोनल दिनुशा के नाबाद शतक के सामने भारतीय टीम 5वें दिन घुटने टेकने पर मजबूर हो गई थी।
बयान
कैफ ने क्या दिया बयान?
कैफ ने अपने यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान स्पष्ट किया कि लंबे टेस्ट मैचों में जब विपक्षी टीम साझेदारी बना रही होती है, तब कोहली की मैदान पर मौजूदगी पूरी टीम की ऊर्जा को गिरने नहीं देती थी।
कैफ ने कहा, "मुझे ऐसा महसूस हुआ कि अगर विराट कोहली जैसा कोई खिलाड़ी इस मैच को खेल रहा होता, तो वह लगातार चिल्ला रहा होता और अपनी टीम को पूरी तरह से सचेत (सकारात्मक) रखता।"
रणनीति
दबाव बनाने की रणनीति में विफल रही भारतीय टीम
कैफ ने भारतीय टीम के खेल के प्रति नजरिए पर भी सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि भारतीय खिलाड़ी सक्रिय रूप से विकेट निकालने के प्रयास करने के बजाय इस भरोसे बैठे रहे कि स्पिन अनुकूल परिस्थितियों के कारण श्रीलंका का प्रतिरोध खुद ही टूट जाएगा।
कैफ ने कहा, "वह (कोहली) हर किसी से कह रहे होते, 'कम ऑन, सरफराज, कम ऑन, जायसवाल,' और वह खुद भी सोनल (दिनुशा) के पीछे हाथ धोकर पड़ जाते।"
परिणाम
कोलंबो टेस्ट का परिणाम और इसका भारत पर असर
भारतीय टीम ने पहली पारी देवदत्त पडिक्कल और ध्रुव जुरेल के शतकों से 503/9 पर घोषित कर दी।
श्रीलंका टीम पहली पारी में सोनल निदुशा के शतक से 290 पर सिमट गई। इसके बाद फॉलोऑन खेलते हुए 429/9 का स्कोर बनाते हुए मुकाबला ड्रॉ करा लिया।
इस पारी में भी दिनुशा ने शानदार शतक जड़ा।
इससे भारत WTC अंकतालिका में 5वें स्थान पर बरकरार है। अब भारत के पास फाइनल में पहुंचने के लिए गलती की कोई गुंजाइश नहीं है।
आंकड़े
कोहली ने भारत को जिताए 40 टेस्ट मैच
कोहली ने भारत के लिए सर्वाधिक 68 टेस्ट मैचों में कप्तानी की। कप्तान के रूप में उनके नाम 40 जीत, 17 हार और 11 ड्रॉ दर्ज हैं।
उन्होंने भारतीय टीम के कप्तान के रूप में 54.80 के औसत से 5,864 रन बनाए, जिसमें 20 शतक और 18 अर्धशतक शामिल हैं।
कुल मिलाकर, कोहली ने भारत के लिए 123 टेस्ट मैच खेले थे, जिसमें 46.85 की औसत से 9,230 रन बनाए। उनके नाम 30 शतक और 31 अर्धशतक दर्ज हैं।