LOADING...
क्या वैभव सूर्यवंशी को श्रीलंका के खिलाड़ियों ने उकसाया था? जानिए पूरी सच्चाई 
वैभव सूर्यवंशी की श्रीलंका-A के खिलाड़ियों के साथ लड़ाई हो गई थी (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

क्या वैभव सूर्यवंशी को श्रीलंका के खिलाड़ियों ने उकसाया था? जानिए पूरी सच्चाई 

Jun 16, 2026
08:53 pm

क्या है खबर?

भारतीय टीम के 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और श्रीलंका-A के खिलाड़ी, जिनमें विशेन हालंबागे भी शामिल थे के बीच हाल ही में मैदान पर हुई तीखी झड़प चर्चा का विषय बनी हुई है। यह घटना इंडिया-A के सुपर ओवर में हार के बाद हुई थी। क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, इस पूरे घटनाक्रम के बाद श्रीलंका के कुछ वरिष्ठ खिलाड़ियों ने वैभव से माफी मांगी है। रिपोर्ट में कई अन्य जानकारियां भी सामने आई हैं।

रिपोर्ट

वैभव से श्रीलंका के वरिष्ठ खिलाड़ियों ने की बात 

क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, वैभव से संपर्क करने वाले श्रीलंका के वरिष्ठ खिलाड़ी श्रीलंका-A टीम का हिस्सा नहीं हैं, जो त्रिकोणीय सीरीज में खेल रही है। ये अनुभवी खिलाड़ी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से वैभव को जानते हैं और उसी संबंध के चलते उन्होंने उनसे बात की। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि श्रीलंका-A टीम के कुछ खिलाड़ियों का मानना था कि इस घटना के बाद भारतीय टीम से माफी मांगी जानी चाहिए थी।

श्रीलंका

हालंबागे ने वैभव को उकसाया था 

रिपोर्ट के अनुसार, हालंबागे 9 जून को खेले गए पहले मैच से ही वैभव को उकसाने की कोशिश कर रहे थे। सूत्रों ने दावा किया कि उस मुकाबले में उन्होंने भारतीय सलामी बल्लेबाज पर टिप्पणी की थी। सोमवार को दूसरे मैच में भारत की बल्लेबाजी के दौरान भी यह सिलसिला जारी रहा। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि सुपर ओवर में बल्लेबाजी कर रहे वैभव से हालंबागे ने कथित तौर पर कहा, "घर जाओ, यह IPL नहीं है।"

Advertisement

टीम

दोनों खिलाड़ियों पर हो सकती है अनुशासनात्मक कार्रवाई

मैच में सुपर ओवर समाप्त होने के बाद हालंबागे वैभव और सूर्यांश शेडगे की ओर बढ़े। इसके बाद वैभव ने भी जवाब दिया, जिससे दोनों खिलाड़ियों के बीच तनाव बढ़ गया। इस दौरान निरोशन डिकवेला ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। हालांकि, माहौल सामान्य होने के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने मैच के बाद हाथ मिलाने की औपचारिकता पूरी की। इसके बावजूद, इस घटना में भूमिका के लिए वैभव और हालंबागे पर अनुशासनात्मक कार्रवाई हो सकती है।

Advertisement

जानकारी

क्या इस मामले में ICC हस्तक्षेप करेगा?

आमतौर पर ICC A टीम सीरीज के अनुशासनात्मक मामलों में हस्तक्षेप नहीं करता और न ही अपने मैच अधिकारियों की नियुक्ति करता है। ऐसे में इस घटना को लेकर यदि किसी तरह की सजा या अनुशासनात्मक कार्रवाई होती है तो इसे असामान्य माना जाएगा।

मामला

क्या था पूरा मामला?

दांबुला में खेले गए मुकाबले में इंडिया-A सुपर ओवर में 19 रन का लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी। जीत के बाद श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने जोरदार जश्न मनाया और इसी दौरान माहौल गरमा गया। निराश वैभव ने विरोधी खिलाड़ियों से बहस शुरू कर दी। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई और धक्का-मुक्की की नौबत आ गई। इसके बाद श्रीलंका-A के अन्य खिलाड़ी बीच-बचाव के लिए पहुंचे और मामला शांत कराया।

Advertisement