ध्रुव जरेल ने प्रथम श्रेणी करियर का छठा शतक लगाया, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
श्रीलंका-A के खिलाफ इंडिया-A की कप्तानी कर रहे ध्रुव जुरेल ने पहली अनौपचारिक टेस्ट में शतक लगाया। यह उनके प्रथम श्रेणी करियर का कुल छठा शतक साबित हुआ। गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में जारी मैच में जुरेल से पहले साई सुदर्शन ने शतक (132) लगाया था। इन 2 शतकों की बदौलत भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी में 350 से अधिक रन बना लिए हैं। आइए जुरेल की पारी पर एक नजर डालते हैं।
पारी
बेहतरीन रही जुरेल की पारी
भारत ने 181 रन के स्कोर पर जब अपना तीसरा विकेट खोया, तब जुरेल क्रीज पर आए। उन्होंने शेख राशीद के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 136 रन की साझेदारी की। मध्यक्रम में बल्लेबाजी के लिए आए राशीद 113 गेंदों का सामना करते हुए 63 रन बनाकर आउट हुए। एक छोर से डटकर बल्लेबाजी करते हुए जुरेल ने दूसरे दिन के दूसरे सत्र के दौरान अपनी पारी को शतक में तब्दील किया।
आंकड़े
शानदार रहा है जुरेल का प्रथम श्रेणी करियर
जुरेल का प्रथम श्रेणी क्रिकेट करियर शानदार चल रहा है। अब उनके नाम 35 मैचों की 52 पारियों में लगभग 50 की अधिक की औसत से 2,400 से अधिक रन बनाए हैं। जुरेल ने इस प्रारूप में अब तक 6 शतक और 14 अर्धशतक लगाए हैं। वह घरेलू क्रिकेट में उत्तर प्रदेश क्रिकेट टीम का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने 2022 में रणजी ट्रॉफी मैच से अपने प्रथम श्रेणी करियर की शुरुआत की थी।
करियर
ऐसा है जुरेल का टेस्ट करियर
जुरेल ने फरवरी 2024 में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने टेस्ट क्रिकेट करियर का आगाज किया था। वह अब तक 10 टेस्ट की 16 पारियों में 34.14 की औसत से 478 रन अपने नाम कर चुके हैं। इस दौरान उन्होंने एक शतक के अलावा 1 अर्धशतक भी जड़ा है। इसी तरह उन्होंने विकेट के पीछे भी शानदार प्रदर्शन करते हुए अब तक 19 शिकार किए हैं। इसमें 17 कैच और 2 स्टंप्स शामिल हैं।