आलोचना करने के बाद अब सचिन ने की धोनी की तारीफ, जानें पूरा मामला
क्या है खबर?
2019 क्रिकेट विश्व कप में बीते मंगलवार को बांग्लादेश के खिलाफ भारत ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाज़ी का फैसला किया, जो पूरी तरह से भारत के पक्ष में गया।
सलामी बल्लेबाज़ रोहित शर्मा (104) और केएल राहुल (77) ने शानदार शुरुआत कर कप्तान कोहली के इस फैसले को सही साबित किया।
हाालंकि, अंत में टीम लड़खड़ा गई और 50 ओवर में सिर्फ 314 रन ही बने और एक बार फिर धोनी अंत में तेज़ी से रन नहीं बना सके।
भारत बनाम बांग्लादेश
धोनी ने 33 गेंदो में बनाए 35 रन
भारत के सलामी बल्लेबाज़ों ने पहले विकेट के लिए 29.2 ओवर में 180 रन जोड़े। एक समय ऐसा लग रहा था, कि भारत आसानी से 350 रन बना लेगा, लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से भारत की पारी रुक गई।
धोनी जब बल्लेबाज़ी के लिए आए, तो टीम का स्कोर 38.4 ओवर में 237 रन था। वहां से धोनी की ज़िम्मेदारी भारत को बड़े स्कोर तक पहुंचाने की थी, लेकिन धोनी ने 33 गेंदो में सिर्फ 35 रन बनाए।
बातचीत
धोनी ने महत्वपूर्ण पारी खेली- सचिन
आखिरी ओवरों में धोनी की रणनीति पर जहां क्रिकेट एक्सपर्ट और पूर्व खिलाड़ी सवाल उठा रहे हैं, वहीं सचिन तेंदुलकर का कहना है कि विकेटकीपर बल्लेबाज़ एम एस धोनी ने टीम के पक्ष में फैसला किया।
इंडिया टुडे से बातचीत में सचिन ने कहा, "मेरे हिसाब से यह एक महत्वपूर्ण पारी थी। धोनी ने जो किया वो टीम हित में था। यदि वह 50वें ओवर तक क्रीज़ पर रहते तो टीम के लिए और बेहतर कर सकते थे।"
बयान
धोनी का अंत तक खेलना टीम के ज़रूरी- सचिन
सचिन ने आगे कहा, "बांग्लादेश के खिलाफ धोनी का अंत तक रहना टीम के लिए ज़रूरी था। जो समय की मांग थी, धोनी ने वही किया। हां, अगर वह अंत तक खेलते तो टीम के लिए और अधिक कुछ कर सकते थे।"
पुराना मामला
अफगानिस्तान के खिलाफ धोनी की धीमी पारी की सचिन ने की थी आलोचना
दिलचस्प बात यह है कि सचिन ने अफगानिस्तान के खिलाफ धीमी पारी के लिए धोनी की कड़ी आलोचना की थी। मैच के बाद सचिन ने कहा था, "मैं धोनी की पारी से निराश हुआ, यह और बेहतर हो सकती थी। मैं केदार और धोनी की धीमी साझेदारी से निराश हूं।"
आगे सचिन ने कहा था, "हमनें स्पिनर्स के 34 ओवर में सिर्फ 119 रन बनाए। मुझे धोनी की पारी में सकारात्मक रवैया नहीं दिखा।"
जानकारी
अफगानिस्तान के खिलाफ धोनी ने बनाए थे 52 गेंदो में 28 रन
अफगानिस्तान के खिलाफ मैच में एम एस धोनी ने 52 गेंदो में तीन चौको की मदद से सिर्फ 28 रन बनाए थे। मैच में धोनी स्पिनर्स के सामने स्ट्राइक रोटेट करने में भी संघर्ष कर रहे थे। जिसके बाद सचिन ने उनकी आलोचना की थी।