LOADING...
ढाका टेस्ट: मोहम्मद अब्बास ने बांग्लादेश के खिलाफ झटका पहला 5 विकेट हॉल, ये बनाए रिकॉर्ड्स
मोहम्मद अब्बास ने बांग्लादेश के खिलाफ 5 विकेट हॉल चटकाया है

ढाका टेस्ट: मोहम्मद अब्बास ने बांग्लादेश के खिलाफ झटका पहला 5 विकेट हॉल, ये बनाए रिकॉर्ड्स

May 09, 2026
02:46 pm

क्या है खबर?

पाकिस्तान क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद अब्बास ने बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाफ ढाका के शेर-ए बांग्ला स्टेडियम में खेले जा रहे पहले टेस्ट के दूसरे दिन शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट अपने नाम किए। यह उनके टेस्ट करियर का छठा और बांग्लादेश टीम के खिलाफ पहला ही 5 विकेट हॉल रहा। उनकी गेंदबाजी की बदौलत पाकिस्तान टीम बांग्लादेश को पहली पारी में 413/10 के स्कोर पर रोकने में सफल रही। आइए उनकी गेंदबाजी और आंकड़े जानते हैं।

गेंदबाजी

कैसी रही अब्बास की गेंदबाजी?

अब्बास ने बांग्लादेश को 201 रन के कुल स्कोर पर नजमुल हुसैन शांतो (101) के रूप में तीसरा झटका देते हुए मैच में अपने विकेटों का खाता खोला। इसके बाद भी उनकी शानदार गेंदबाजी जारी रही और उन्होंने लिटन दास (33), मेहदी हसन मिराज (10), तैजुल इस्लाम (17) और इबादोत हुसैन (0) को भी एक के बाद एक पवेलियन की राह दिखाई। उन्होंने 34 ओवर में 8 मेडन के साथ 92 रन खर्च करते हुए ये सफलताएं अर्जित की।

उपलब्धि

पाकिस्तान के लिए दूसरी बेहतरीन औसत वाले तेज गेंदबाज

अब्बास की टेस्ट क्रिकेट में औसत 22.95 की है। वह अब पाकिस्तान के लिए टेस्ट क्रिकेट में दूसरी सबसे बेहतरीन औसत के साथ गेंदबाजी करने वाले तेज गेंदबाज हैं। इस सूची में पूर्व कप्तान इमरान खान पहले पायदान पर हैं, जिन्होंने अपने करियर में 22.81 की औसत के साथ गेंदबाजी की थी। सूची में वकार यूनिस (23.56) तीसरे, वसीम अकरम (23.62) चौथे और मोहम्मद आसिफ (24.36) 5वें पायदान पर हैं।

Advertisement

करियर

कैसा रहा है अब्बास का टेस्ट करियर?

अब्बास ने साल 2017 में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने टेस्ट करियर का आगाज किया था। वह अब तक 28 टेस्ट की 49 पारियों में 22.95 की औसत और 2.51 की इकॉनमी से 105 विकेट चटकाने में सफल रहे हैं। उन्होंने 6 बार 5 विकेट और 6 बार ही 4 विकेट हॉल लेने का कारनामा किया है। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 54 रन देकर 6 विकेट लेना रहा है। वह मैच में 1 बार 10 विकेट भी चटका चुके हैं।

Advertisement