IPL इतिहास में 150+ मैच खेलने के बावजूद कभी खिताब नहीं जीत सके हैं ये खिलाड़ी
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के अब तक 18 संस्करण खेले जा चुके हैं। इस लीग के इतिहास में अब तक 8 टीमों ने खिताब पर कब्जा जमाया है। मुंबई इंडियंस (MI) और चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) की टीमों ने सर्वाधिक 5-5 बार ये प्रतिष्ठित खिताब जीते हैं। इस लीग में अब तक कुछ ऐसे दिग्गज खिलाड़ी भी हुए हैं, जिन्होंने 150+ मैच खेलने के बावजूद कभी खिताब नहीं जीता। ऐसे खिलाड़ियों की सूची के बारे में जानते हैं।
#1
एबी डिविलियर्स (184 मैच)
दक्षिण अफ्रीका के पूर्व दिग्गज एबी डिविलियर्स ने साल 2008 में अपने IPL करियर का आगाज किया था। उन्होंने 184 मैच की 170 पारियों में 39.71 की औसत और 151.69 की स्ट्राइक रेट के साथ 5,162 रन अपने नाम किए थे। इस दौरान उन्होंने 3 शतक और 40 अर्धशतक भी जड़े थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 133 रन का रहा है। वह DC (2008-10) और RCB (2011-2021) से खेले, लेकिन कभी खिताब नहीं जीत सके।
#2
अमित मिश्रा (162 मैच)
दिग्गज लेग स्पिनर अमित मिश्रा ने IPL में 162 मैच खेले, लेकिन कभी खिताब नहीं जीत सके। उन्होंने 162 मैच खेले, जिसमें 23.82 की औसत और 7.37 की इकॉनमी रेट के साथ 174 विकेट लिए। उन्होंने LSG, DC, DCH और SRH का प्रतिनिधित्व किया। वह IPL के इतिहास में सबसे सफल गेंदबाजों में से एक हैं। मिश्रा IPL इतिहास में सर्वाधिक 3 हैट्रिक लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने 2008, 2011 और 2013 में हैट्रिक ली थी।
#3
अक्षर पटेल (162 मैच)
अक्षर पटेल ने 2014 में पंजाब किंग्स (PBKS) की ओर से अपने IPL करियर का आगाज किया था। उन्होंने PBKS के अलावा DC का प्रतिनिधित्व किया है। वह अब तक 162 मैच की 124 पारियों में 22.02 की औसत और 133.98 की स्ट्राइक रेट से 1,916 रन बना चुके हैं। इसी तरह गेंदबाजी में वह 108 पारियों में 31.60 की औसत और 7.34 की इकॉनमी से 128 विकेट चटका चुके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/21 विकेट का रहा है।
#सैमसन
बिना कोई मैच खेले जीत चुके हैं संजू सैमसन
संजू सैमसन IPL 2012 में कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम का हिस्सा थे। उस संस्करण में गौतम गंभीर की कप्तानी में KKR ने खिताब जीता था। हालांकि, सैमसन ने एक भी मैच नहीं खेला था। दिलचस्प रूप से सैमसन ने KKR की ओर से कोई मैच नहीं खेला और अपना IPL डेब्यू 2013 में RR की ओर से किया था। सैमसन अपने IPL करियर में अब तक 177 मैच खेल चुके हैं।