दीप्ति शर्मा महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने वाली खिलाड़ी बनीं, जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने महिला टी-20 विश्व कप 2026 में ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया है। उन्होंने मुकाबले में एक विकेट चटकाया और इसके साथ वह महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली खिलाड़ी बन गईं। 28 वर्षीय ऑफ स्पिनर ने भारतीय तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी का रिकॉर्ड को तोड़ दिया, जिन्होंने अपने शानदार करियर में 355 अंतरराष्ट्रीय विकेट लिए थे।
प्रदर्शन
दीप्ति का विभिन्न प्रारूपों में कैसा रहा है प्रदर्शन?
दीप्ति के विभिन्न प्रारूपों के आंकड़े उनकी प्रतिभा का प्रमाण हैं। वह महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 149 मैचों में 19.93 की औसत से 168 विकेट लेकर सर्वोच्च विकेट लेने वाली गेंदबाज हैं। उन्होंने 2 बार 5 विकेट हॉल भी लिए हैं। महिला वनडे क्रिकेट में उन्होंने 124 मैचों में 4 बार 5 विकेट हॉल के साथ 166 विकेट लिए हैं, जो गोस्वामी (255) के बाद दूसरे सर्वाधिक हैं। उन्होंने 6 टेस्ट मैचों में 22 विकेट भी अपने नाम किए हैं।
जानकारी
किसी अन्य गेंदबाज के नाम 340 विकेट भी नहीं
क्रिकबज के अनुसार, दीप्ति और गोस्वामी के अलावा किसी भी महिला खिलाड़ी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 340 से अधिक विकेट नहीं लिए हैं। इस सूची में ऑस्ट्रेलिया की एलिस पेरी (336) और इंग्लैंड की कैथरीन साइवर-ब्रंट (335) सबसे करीबी हैं।
बल्लेबाजी
दीप्ति ने भारतीय टीम के लिए बनाए हैं 4,000 से अधिक रन
दीप्ति ने बल्ले से भी शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने टी-20 प्रारूप में 149 मैचों 22.67 के औसत से 1,270 रन बनाए हैं। इसमें 2 अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 64 रन का रहा है। उन्होंने 124 वनडे में 35.98 की औसत से 2,771 रन बनाए हैं। इसमें एक शतक और 18 अर्धशतक शामिल हैं। इसी तरह उन्होंने 6 टेस्ट मैचों में 47.85 के औसत से 335 रन बनाए हैं। इसमें 4 अर्धशतक शामिल हैं।