Page Loader
DC बनाम SRH: अनिकेत वर्मा ने जड़ा अपने IPL करियर का पहला अर्धशतक, जानिए उनके आंकड़े 
अनिकेत ने कमाल की पारी खेली (तस्वीर: एक्स/@IPL)

DC बनाम SRH: अनिकेत वर्मा ने जड़ा अपने IPL करियर का पहला अर्धशतक, जानिए उनके आंकड़े 

Mar 30, 2025
05:32 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के 10वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के युवा बल्लेबाज अनिकेत वर्मा ने 74 रन की धमाकेदार पारी खेली। यह उनके IPL और टी-20 करियर का पहला अर्धशतक रहा। SRH को दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ मुकाबले में शुरुआती झटके लगे थे। अनिकेत ने टीम को उन झटकों से उबारा और एक सम्मानजनक स्कोर तक ले गए। ऐसे में आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

पारी

ऐसी रही अनिकेत की पारी और साझेदारी 

अनिकेत ने 41 गेंदों का सामना किया और 74 रन बनाए। उनके बल्ले से 5 चौके और 6 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 180.94 की रही। अनिकेत ने हेनरिक क्लासेन के साथ 42 गेंदों में 77 रनों की साझेदारी निभाई। क्लासेन 19 गेंदों में 32 रन बनाकर आउट हुए। उनके बल्ले से 2 चौके और 2 छक्के निकले थे। अनिकेत को कुलदीप यादव ने आउट किया। जेक फ्रेजर-मैक्गर्क ने उनका कमाल का कैच लपका।

रन

अनिकेत के सफर पर एक नजर 

अनिकेत उत्तर प्रदेश के शहर झांसी के रहनेवाले हैं। उन्होंने ज्यादा क्रिकेट मध्य प्रदेश में खेला है। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में इस खिलाड़ी ने सिर्फ एक मैच खेला और उस मुकाबले में वह खाता खोले बिना पवेलियन लौट गए थे। SRH की टीम प्रबंधन ने उनके हुनर को पहचाना। एक समय ऐसा था जब अनिकेत के पास रहने को घर नहीं था। उनकी मदद कोच नंदजीत ने की। इस खिलाड़ी ने मध्य प्रदेश की लीग में काफी रन बनाए।

करियर

अनिकेत के करियर पर एक नजर 

अनिकेत ने IPL में 3 मुकाबले खेले हैं और इसकी 3 पारियों में 39 की औसत से 117 रन बनाए हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 205.26 की रही है। उनके बल्ले से एक अर्धशतक निकला है और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 74 रन रहा है। टी-20 क्रिकेट में इस खिलाड़ी ने सिर्फ 3 मुकाबले खेले हैं। इसकी 3 पारियों में उन्होंने 14.33 की औसत और 252.94 की स्ट्राइक रेट से 43 रन बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 36 रन रहा है।