Page Loader
टी-20 विश्व कप 2024: डेविड विसे ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से लिया संन्यास, जानिए उनके आंकड़े 
डेविड विसे ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है (तस्वीर: एक्स/@ICC)

टी-20 विश्व कप 2024: डेविड विसे ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से लिया संन्यास, जानिए उनके आंकड़े 

Jun 16, 2024
11:24 am

क्या है खबर?

नामीबिया क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर डेविड विसे ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। विसे दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम और नामीबिया दोनों के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेले। इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ टी-20 विश्व कप 2024 में 34वां मुकाबला उनका आखिरी मैच साबित हुआ। मैच में उन्होंने 2 ओवर में 6 रन दिए और बल्लेबाजी में 12 गेंद में 27 रन बनाए। ऐसे में आईए उनके अंतरराष्ट्रीय करियर पर एक नजर डाल लेते हैं।

बयान

विसे ने क्या कहा?

संन्यास लेने के बाद विसे ने कहा, "अगला टी-20 विश्व कप अभी 2 साल दूर है। मैं अभी 39 साल का हूं, मुझे लगता है कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अब मेरे लिए कुछ नहीं है। नामीबिया के साथ एक शानदार करियर को समाप्त करने का यह सबसे बेहतर मौका है।" उन्होंने आगे कहा, "मैंने टीम के साथ बहुत अच्छे समय बिताए हैं और उनके लिए अपना आखिरी मैच इंग्लैंड जैसी शानदार टीम के खिलााफ खेला, जो गर्व की बात है।"

डेब्यू

साल 2013 में दक्षिण अफ्रीका के लिए किया था डेब्यू 

वीसे ने साल 2013 में दक्षिण अफ्रीका के लिए वनडे और टी-20 क्रिकेट में अपना डेब्यू किया था। वह 2016 के टी-20 विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका की टीम के सदस्य भी रहे थे। इसके बाद उन्होंने 3 साल के लिए इंग्लैंड के ससेक्स काउंटी क्रिकेट क्लब के साथ कोलपैक डील साइन कर लिया और दक्षिण अफ्रीका के लिए खेलना छोड़ दिया। साल 2021 में वीसे ने नामीबिया के लिए अपना डेब्यू किया था।

सवाल

क्या है कोलपैक नियम?

यूरोपियन यूनियन (EU) के नागरिकों को अन्य यूरोपियन यूनियन देशों में काम करने की इजाजत है। हालांकि, कोलपैक नियम के अंतर्गत EU एसोसिएशन एग्रीमेंट के अंदर आने वाले देशों के नागरिकों का अधिकार भी समान हो जाता है। EU से डील करने वाले देशों के क्रिकेटर किसी भी EU देश में क्रिकेट खेल सकते हैं। इससे खिलाड़ी विदेशी की श्रेणी में आने से भी बच जाता है और इंग्लिश काउंटी क्लब्स के साथ बड़ी डील भी साइन कर सकता है।

वनडे

कैसा रहा है वीसे का वनडे अंतरराष्ट्रीय करियर?

वीसे ने अपना पहला वनडे मुकाबला न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। उन्होंने 15 मैच की 15 पारियों में 25.38 की औसत और 89.43 की स्ट्राइक रेट से 330 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 1 अर्धशतक निकला था और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 67 रन रहा था। गेंदबाजी में वह 15 मैच में 45.73 की औसत और 5.58 की इकॉनमी रेट से 15 विकेट लेने में कामयाब रहे थे।

टी-20

वीसे के टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर पर एक नजर 

वीसे ने अपना पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। वह 54 मैच की 40 पारियों में 24 की औसत और 127.86 की स्ट्राइक रेट से 624 रन बनाने में सफल रहे थे। उनके बल्ले से 3 अर्धशतक निकले थे और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 66* रन रहा था। गेंदबाजी में इस खिलाड़ी ने 54 मैच में 22.01 की औसत और 7.19 की इकॉनमी रेट से 59 विकेट लिए थे। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/23 का रहा था।