Loading...
डेविड वार्नर ने 'सैंडपेपर गेट' विवाद पर उस्मान ख्वाजा के दावों को बताया पूरी तरह सही
उस्मान ख्वाजा ने बड़े खुलासे किए हैं (फाइल तस्वीर)

डेविड वार्नर ने 'सैंडपेपर गेट' विवाद पर उस्मान ख्वाजा के दावों को बताया पूरी तरह सही

Nov 09, 2026
03:27 pm

क्या है खबर?

ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर ने सैंडपेपर विवाद को लेकर अपने साथी उस्मान ख्वाजा के चौंकाने वाले दावों का खुलकर समर्थन किया है। पूर्व उपकप्तान वार्नर ने ख्वाजा की आगामी किताब 'सब्र' के कुछ अंश बीते शनिवार और रविवार को प्रकाशित होने के बाद अपनी प्रतिक्रिया दी। ख्वाजा के खुलासों ने 2018 के गेंद से छेड़छाड़ विवाद को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है, जिसने ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट को हिलाकर रख दिया था।

बयान

वार्नर ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया पर उठाए सवाल 

वार्नर ने सैंडपेपर विवाद की जांच के दौरान जल्दबाजी और लापरवाही से की गई साक्षात्कार प्रक्रिया के लिए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) की आलोचना की है।

उन्होंने बताया कि ख्वाजा समेत कुछ खिलाड़ियों से इस विवाद को लेकर पूछताछ नहीं की गई थी।

वार्नर ने कहा, "पूरी साक्षात्कार प्रक्रिया जल्दबाजी में और गलत तरीके से पूरी की गई। ख्वाजा कैमरन बैनक्रॉफ्ट के बगल में थे, लेकिन उनसे पूछताछ नहीं हुई। यह कैसी गहन जांच थी? यह बात मुझे हैरान करती है।"

सलामी बल्लेबाज

वार्नर ने मांगी जवाबदेही 

वार्नर ने इस जांच में जवाबदेही और पारदर्शिता की जरूरत पर जोर दिया।

उन्होंने कहा, "हम यहां किसी पर आरोप लगाने या पुराने जख्मों को फिर से कुरेदने नहीं आए हैं। यह जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के साथ-साथ सच्चाई की उचित तरीके से जांच करने का मामला है।"

पूर्व खिलाड़ी ने यह भी बताया कि इतने सालों बाद इस मुद्दे पर खुलकर बोलने के लिए उनकी बेटियों ने उन्हें प्रेरित किया।

ADVERTISEMENT

बेटी

इस कारण वार्नर को अपनी बात रखने में लगा समय 

वार्नर ने खुलासा किया कि उन्हें अपनी बेटियों को सैंडपेपर विवाद के बारे में समझाना पड़ा।

उन्होंने कहा, "पिछले कुछ दिनों से मैं अपनी बेटियों से इस बारे में बात कर रहा हूं। यही वजह है कि मुझे अपनी बात सामने रखने में कुछ दिन लगे, क्योंकि मुझे उन्हें बताना पड़ा कि आखिर क्या हुआ था।"

उन्होंने आगे कहा कि विवाद के बाद टेलीविजन पर खिलाड़ियों को रोते हुए देखने की वजह समझाना भी उनके लिए काफी मुश्किल था।

ADVERTISEMENT

समर्थन

वार्नर ने ख्वाजा को सही ठहराया 

वार्नर ने ख्वाजा के इस दावे का भी समर्थन किया है कि सैंडपेपर विवाद में ऑस्ट्रेलिया के सभी खिलाड़ी शामिल थे।

यह दावा पहले की उस धारणा के उलट है, जिसके मुताबिक इस मामले में केवल 3 खिलाड़ी शामिल थे।

वॉर्नर ने कहा, "इस मुद्दे पर बात किए हुए मुझे 8 साल हो चुके हैं। उस्मान मैं आपको अपना पूरा समर्थन देता हूं।"

उन्होंने ख्वाजा के खुलासों को 100 प्रतिशत सही बताया और जांच पर सवाल उठाए।

विवाद

क्या था पूरा मामला?

'सैंडपेपर गेट' घटना मार्च 2018 में दक्षिण अफ्रीका के केपटाउन में खेले गए टेस्ट मैच में हुई थी।

मैच के तीसरे दिन बैनक्रॉफ्ट को सैंडपेपर से गेंद को रगड़ते हुए कैमरों में कैद किया गया था।

उन्होंने गेंदबाजों को रिवर्स स्विंग का लाभ दिलाने के लिए ऐसा किया था। बाद में स्मिथ और बैनक्रॉफ्ट ने गेंद से छेड़छाड़ की बात स्वीकार की, जिसमें वार्नर की मुख्य भूमिका सामने आई थी।

इस पर CA ने प्रतिबंध की कार्रवाई की थी।

ADVERTISEMENT