दासुन शनाका ने रचा इतिहास, CPL में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बने
क्या है खबर?
श्रीलंका क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान दासुन शनाका ने कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) में ऐतिहासिक शतक लगाया। उन्होंने सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स का प्रतिनिधित्व करते हुए CPL 2026 के 25वें मैच में सेंट लुसिआ किंग्स के खिलाफ नाबाद 121 रन बनाए। उन्होंने सिर्फ 39 गेंदों में अपना शतक पूरा किया, जो कि इस लीग इतिहास का सबसे तेज शतक का नया रिकॉर्ड दर्ज हुआ। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
पारी
जोरदार रही शनाका की पारी
पैट्रियट्स ने पहले खेलते हुए 89 रन के स्कोर पर जब अपना दूसरा विकेट खोया, तब शनाका क्रीज पर आए।
अच्छी लय में बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 24 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
आखिरी ओवरों के दौरान उन्होंने अपनी आक्रामकता में इजाफा किया और सिर्फ 39 गेंदों में शतक पूरा किया।
वह 43 गेंदों में 121 रन बनाकर नाबाद रहे, जिसमें 8 चौके और 12 छक्के शामिल रहे।
रिकॉर्ड
CPL के इतिहास का सबसे तेज शतक लगाया
शनाका अब CPL के इतिहास में सबसे तेज शतक (39 गेंद) जड़ने वाले बल्लेबाज बने। उन्होंने आंद्रे रसेल, टिम सीफर्ट और शिमरोन हेटमायर का पिछला रिकॉर्ड तोड़ा।
बता दें कि रसेल, सीफर्ट और हेटमायर इस लीग में 40-40 गेंदों में शतक पूरा कर चुके थे। हेटमायर ने इसी सीजन में ये शतक लगाया था।
सबसे तेज शतक जड़ने वाले खिलाड़ियों की सूची में शाई होप भी हैं, जिन्होंने 41 गेंदों में शतक पूरा किया था।
शतक
पहले भी 39 गेंदों में शतक जड़ चुके हैं शनाका
इससे पहले भी शनाका 39 गेंदों में शतक जड़ने का कारनामा कर चुके हैं। उन्होंने 2016 में सिंहली स्पोर्ट्स क्लब की ओर से सारासेन्स स्पोर्ट्स क्लब के खिलाफ 46 गेंदों में 123 रन बनाए थे।
अपने टी-20 करियर में उन्होंने कुल 320 मैच खेले हैं, जिसमें 26.86 की औसत और 147.79 की स्ट्राइक रेट के साथ 5,857 रन बनाए हैं।
इस बीच उन्होंने 4 शतक और 22 अर्धशतक लगाए हैं।
लेखा-जोखा
पैट्रियट्स ने दर्ज की जोरदार जीत
मैच में शनाका के शतक की मदद से पैट्रियट्स ने पहले बल्लेबाजी करते निर्धारित 20 ओवर के बाद 4 विकेट के नुकसान पर 235 रन बनाए।
शनाका के अलावा आंद्रे फ्लैचर ने 38 गेंदों में 64 रन की पारी खेली।
जवाब में सेंट लुसिआ की पारी सिर्फ 98 रन पर सिमट गई। इस पारी को समटने में जेरेमिया लुईस की अहम भूमिका रही, जिन्होंने 10 रन देते हुए 5 विकेट लिए।
आखिरकार पैट्रियट्स ने 137 रन से मैच जीता।