CSK बनाम MI: कार्तिक शर्मा ने जड़ा पहला IPL अर्धशतक, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 44वें मैच में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के विकेटकीपर बल्लेबाज कार्तिक शर्मा ने मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी (54*) खेली। यह उनके IPL करियर का पहला ही अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 39 गेंदों में पूरा किया। उनकी पारी की बदौलत ही CSK की टीम शुरुआती झटके से उबकर आसान जीत दर्ज करने में सफल रही। ऐसे में आइए कार्तिक की पारी और आंकड़े जान लेते हैं।
बल्लेबाजी
कैसी रही कार्तिक की पारी और साझेदारी?
CSK को 160 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 62 रन के कुल स्कोर पर दूसरा झटका लग गया था। उसके बाद बल्लेबाजी पर आए कार्तिक ने कप्तान रुतुराज गायकवाड़ (67*) के साथ संभलकर पारी को आगे बढ़ाया। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए नाबाद 98 रन की साझेदारी हुई। इस दौरान दोनों अपने अर्धशतक पूरे किए। कार्तिक 40 गेंदों में 4 चौके और 3 छक्कों से 54 रन बनाकर नाबाद रहे।
करियर
कैसा रहा है कार्तिक का IPL करियर?
कार्तिक ने इसी संस्करण में राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ अपने IPL करियर का आगाज किया। वह अब तक कुल 6 मैच खेल चुके हैं, जिसकी 6 पारियों में 22.40 की औसत और 125.85 की स्ट्राइक रेट से 112 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन इसी मैच में आया है। वह 19 टी-20 मैचों में लगभग 28 की औसत और 151 की स्ट्राइक रेट से 500 रन बना चुके हैं। इसमें 4 अर्धशतक शामिल हैं।