Page Loader
रुतुराज गायकवाड़ IPL शतक जड़ने वाले CSK के पहले कप्तान बने, ये बनाए रिकॉर्ड्स
रुतुराज गायगवाड़ ने खेली शतकीय पारी (तस्वीर: एक्स/@IPL)

रुतुराज गायकवाड़ IPL शतक जड़ने वाले CSK के पहले कप्तान बने, ये बनाए रिकॉर्ड्स

Apr 23, 2024
09:06 pm

क्या है खबर?

चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के कप्तान और सलामी बल्लेबाज रुतुराज गायकवाड़ ने मंगलवार को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 के 39वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ दमदार शतकीय पारी (108*) खेली। यह उनके IPL करियर का दूसरा और इस सीजन का पहला शतक रहा, जिसे उन्होंने 56 गेंदों में पूरा किया। उनकी पारी की बदौलत CSK की टीम शुरुआती झटकों से उबरकर 210/4 का बड़ा स्कोर बनाने में सफल रही। आइए उनकी पारी और आंकडे़ जानते हैं।

बल्लेबाजी

कैसी रही गायकवाड़ की पारी और साझेदारी?

CSK की शुरुआत बेहद खराब रही। 49 रन तक अजिंक्य रहाणे (1) और डेरिल मिचेल (11) पवेलियन लौट गए। उसके बाद गायकवाड़ ने रविंद्र जडेजा (16) के साथ 52 रन की अहम साझेदारी कर स्कोर को आगे बढ़ाया। इसी तरह उन्होंने शिवम दुबे के साथ तीसरे विकेट के लिए 104 रन की शतकीय साझेदारी निभाई। इस दौरान उन्होंने अपना शतक भी पूरा किया। वह 60 गेंदों में 12 चौके और 3 छक्कों की मदद से 108 रन बनाकर नाबाद रहे।

रिकॉर्ड

CSK के लिए शतक जड़ने वाले पहले कप्तान बने गायकवाड़

इस शतक के साथ गायकवाड़ के नाम बड़ा रिकॉर्ड दर्ज हो गया। वह CSK के लिए शतक जड़ने वाले पहले कप्तान बन गए हैं। इससे पहले कोई भी कप्तान शतक नहीं जड़ पाया था। इसी तरह वह CSK के लिए 2 शतक जड़ने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले मुरली विजय और शेन वॉटसन इस लीग में 2-2 शतक जड़ चुके हैं। इनके अलावा माइकल हसी, ब्रेंडन मैकुलम, सुरेश रैना और अंबाती रायडू ने 1-1 शतक जड़े हैं।

प्रदर्शन

IPL 2024 में अब तक शानदार रहा है गायकवाड़ का प्रदर्शन

गायकवाड़ को इसी सीजन CSK का कप्तान बनाया गया है। अतिरिक्त जिम्मेदारी मिलने के बाद भी उनका इस संस्करण में शानदार प्रदर्शन रहा है। वह अब तक खेले 8 मैचों में 45 से अधिक की औसत से 349 रन बना चुके हैं। इसमें इस शतक के अलावा कोलकाता नाइट राइडर्स और मुंबई इंडियंस के खिलाफ लगाए गए अर्धशतक भी शामिल हैं। उनके इस संस्करण में अब तक के स्कोर क्रमश: 15, 46, 1, 26, 67*, 69, 17 के रहे हैं।

करियर

कैसा रहा है गायकवाड़ का IPL करियर?

गायकवाड़ ने 2020 में राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ अपने IPL करियर का आगाज किया था। वह अब तक 60 मैच की 59 पारियों में 41.27 की औसत और 136.60 की स्ट्राइक रेट से 2,146 रन बना चुके हैं। वह 2 शतक के अलावा 16 अर्धशतक भी जड़ चुके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन इसी मैच में आया है। वह इस लीग में अब तक 197 चौके और 83 छक्के जड़ चुके हैं। वह 32 कैच भी लपक चुके हैं।