LOADING...
क्रिस्टियानो रोनाल्डो का विश्व कप जीतने का सपना टूटा, स्पेन से हार के बाद हुए भावुक
स्पेन से हार के बाद भावुक हुए क्रिस्टियानो रोनाल्डो

क्रिस्टियानो रोनाल्डो का विश्व कप जीतने का सपना टूटा, स्पेन से हार के बाद हुए भावुक

Jul 07, 2026
09:32 am

क्या है खबर?

फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ-16 के अहम मुकाबले में पुर्तगाल फुटबॉल टीम को स्पेन से 1-0 से हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही पुर्तगाल के स्टार खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो का विश्व कप जीतने का सपना भी टूट गया। यह रोनाल्डो का आखिरी विश्व कप था और इसका अंत गौरवशाली अध्याय की जगह उनके आंसुओं के साथ हुआ। मैच के बाद रोनाल्डो मैदान पर काफी भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू बह निकले।

परिणाम

स्पेन ने इंजरी टाइम में गोल दागकर जीता मैच

शुरुआती मिनट से दोनों टीमों ने आक्रामक खेल दिखाया, लेकिन निर्धारित 90 मिनट तक कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। इंजरी टाइम के पहले मिनट (90+1) में स्पेन के मिकेल मेरिनो ने फेरन टोरेस के शानदार पास को गोल में बदलकर टीम को 1-0 की निर्णायक बढ़त दिला दी। मेरिनो 85वें मिनट में सब्स्टीट्यूट के तौर पर मैदान पर उतरे थे। बर्नार्डो सिल्वा के पास बराबरी का सुनहरा मौका था, लेकिन उनका हेडर गोलपोस्ट के ऊपर से निकल गया।

भावुक

मुकाबले के बाद कैसी रही रोनाल्डो की प्रतिक्रिया?

डलास के स्टेडियम में मुकाबले की अंतिम सीटी की गूंज सुनाई देते ही 41 वर्षीय रोनाल्डो कमर पर हाथ रखे स्थिर खड़े रहे और दूर तक देखते रहे। धीरे-धीरे उन्हें वास्तविकता का अहसास हुआ और फिर अंततः भावनाएं उन पर हावी हो गई। वह मैदान पर फूट-फूटकर रोने लग गए। अन्य खिलाड़ियों ने उन्हें सांत्वना दी। इसके बाद रोनाल्डो ने पुर्तगाल के समर्थकों के लिए जमकर तालियां बजाईं और सिर झुकाए धीरे-धीरे टनल की ओर चले गए।

Advertisement

ट्विटर पोस्ट

यहां देखें रोनाल्डो की भावुकता का वीडियो

Advertisement

पुष्टि

रोनाल्डो ने की थी आखिरी विश्व कप होने की पुष्टि

इस हार के साथ रोनाल्डो का विश्व कप सफर लगभग खत्म हो गया है। टूर्नामेंट से पहले ही उन्होंने पुष्टि कर दी थी कि फुटबॉल के सबसे बड़े मंच पर यह उनकी आखिरी उपस्थिति होगी। पुर्तगाली दिग्गज उस ट्रॉफी के बिना ही टूर्नामेंट से बाहर हो गए जो हमेशा उनसे दूर रही। रोनाल्डो ग्रुप चरण के दौरान 6 फीफा विश्व कप में खेलने वाले पहले खिलाड़ी बन गए और पुर्तगाल के अभियान में एक बार फिर उन्होंने अहम भूमिका निभाई।

बयान

मुकाबले के बाद रोनाल्डो ने क्या दिया बयान?

मुकाबले के बाद रोनाल्डो ने कहा, "विश्व कप से इस तरह बाहर होना बेहद दुखद है, लेकिन जैसा कि मैंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, मैंने अपना सब कुछ दिया, मैंने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। फिर भी, मैं साफ मन से वहां से निकला।" उन्हाेंने आगे कहा, "यही फुटबॉल है। यही एक फुटबॉलर की जिंदगी है। कभी जीत होती है, कभी हार और आपको आगे बढ़ना ही होता है। सच तो यह है कि यह मेरा आखिरी विश्व कप था।"

बराबरी

यूरोपीय चैम्पियनशिप की जीत मेरे लिए विश्व कप के बराबर- रोनाल्डो

रोनाल्डो ने कहा, "मैंने पुर्तगाल के साथ 3 खिताब जीते हैं। क्रिस्टियानो से पहले पुर्तगाल ने एक भी खिताब नहीं जीता था। इसलिए मैं संतुष्ट हूं। सच तो यह है कि 2016 में जो जीता यूरोपीय चैम्पियनशिप, मेरे लिए ईमानदारी से उसका महत्व विश्व कप के बराबर ही है।" उन्होंने कहा, "आगे की योजना के बारे में मैं सोचने और अपने परिवार के साथ समय बिताने के लिए समय लूंगा ताकि जल्दबाजी में कोई निर्णय लेने से बच सकूं।"

रिकॉर्ड

नॉकआउट चरण में गोल करने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी

क्रोएशिया के खिलाफ राउंड ऑफ-32 के मुकाबले में 41 साल और 147 दिन की उम्र में गोल करने के बाद रोनाल्डो विश्व कप के नॉकआउट चरण में गोल करने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बने थे। इसी तरह वह 40 की उम्र पार करने के बाद विश्व कप में गोल करने वाले दूसरे खिलाड़ी भी बने थे। उन्होंने कैमरून के पूर्व स्टार रोजर मिला का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 1994 में 42 साल और 39 दिन की उम्र में गोल किया था।

करियर

पुर्तगाल के लिए फीफा विश्व कप में सबसे अधिक गोल

इससे पहले इस टूर्नामेंट में रोनाल्डो पुर्तगाल के पहले स्ट्राइकर बने जिन्होंने विश्व कप में 10 गोल किए। अब उन्होंने मौजूदा संस्करण में 3 गोल करके अपने गोलों की संख्या 11 तक पहुंचा दी है। क्रोएशिया के खिलाफ मैच रोनाल्डो का विश्व कप में 26वां मैच था। अर्जेंटीना के दिग्गज लियोनल मेसी (29) ने ही उनसे अधिक मैच खेले हैं। रोनाल्डो अंतरराष्ट्रीय मैचों में सबसे अधिक गोल (146) करने वाले खिलाड़ी भी हैं। उन्होंने अब तक 232 मैच खेले हैं।

Advertisement