बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड में गहराया संकट, निदेशकों ने अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम पर मनमानी के लगाए आरोप
क्या है खबर?
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल पर बोर्ड के कई निदेशकों (डायरेक्टर्स) ने गंभीर आरोप लगाए हैं। अमीनुल पर आरोप लगे हैं कि वह मनमाने तरीके से काम कर रहे हैं। वह किसी से सलाह नहीं लेते और अलग-अलग विभागों में मनमाने ढगं से बदलाव कर देते हैं, जिससे बोर्ड सदस्यों की भूमिका खत्म हो गई है। अमीनुल ने मई 2025 में BCB अध्यक्ष का पद संभाला था, लेकिन उनका कार्यकाल काफी विवादों में रहा है।
विवाद
अमीनुल के कार्यकाल में कई निदेशकों ने दिए इस्तीफे
अमीनुल के कार्यकाल में, बांग्लादेश क्रिकेट टीम ने भारत में खेले गए टी-20 विश्व कप 2026 से अपना नाम वापस ले लिया था। इस मामले में काफी विवाद देखने को मिला था, जिसे अमीनुल सही से संभाल नहीं सके थे। हाल ही में BCB से 6 से ज्यादा निदेशकों ने इस्तीफा दे दिया है। ऐसे में तारिक रहमान वाली नई सरकार ने पूरे मामले की स्वतंत्र जांच का आदेश दिया है और नये चुनाव कराने की सिफारिश की गई है।
बयान
अनियमितताओं को लेकर क्या बोले निदेशक?
BCB बोर्ड के एक निदेशक ने अमीनुल पर अनियमितताओं के आरोप लगाए। उन्होंने 'द डेली स्टार' से कहा, "यह सिर्फ एक मुद्दा नहीं है। हमारे काम करने के तरीके में लगातार दिक्कतें आ रही हैं। विभागों में बिना किसी सलाह-मशविरे के बदलाव कर दिए जाते हैं, चाहे वह अध्यक्ष करें या कोई और। अगर हमें जानकारी ही नहीं दी जाती, तो हमारी भूमिका क्या है?"
आरोप
BCB में गहराया संकट
BCB अध्यक्ष अमीनुल पर आरोप बढ़ते जा रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जस्टिस एकेएम असदुज्जमां की अगुवाई वाली 5 सदस्यीय जांच समिति ने अमीनुल इस्लाम पर चुनावी गड़बड़ी का आरोप लगाया है। भले ही अमीनुल ने अब तक पद छोड़ने से इनकार किया है, लेकिन बड़े पैमाने पर हुए इस्तीफों से उनकी छवि को निश्चित रूप से नुकसान पहुंचा है। आने वाले दिनों में BCB का मौजूदा प्रशासन गिर सकता है।