श्रीलंका में मैत्री मैच के दौरान क्रिकेटर की मौत, सामने आया चौंकाने वाला वीडियो
क्या है खबर?
श्रीलंका के बेरुआला में एक मैत्री क्रिकेट मैच के दौरान एक खिलाड़ी की मैदान पर गिरने के बाद मौत हो गई। रिपोर्टों के अनुसार, मैच के लाइव स्कोर कार्ड में मृतक की पहचान जुल्फिकार के रूप में हुई है, जिसकी उम्र 45 से 46 वर्ष के बीच थी। वह एक प्रतिष्ठित मुस्लिम स्कूल के पूर्व छात्रों के लिए आयोजित क्रिकेट मेले में खेल रहे थे और बल्लेबाजी के दौरान अचानक मैदान पर गिर पड़े। बाद में उनकी मौत हो गई।
विवरण
कैसे हुई जुल्फिकार की मौत?
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जुल्फिकार बल्लेबाजी करते समय क्रीज पर गिर पड़े। उस समय मैच का सीधा प्रसारण हो रहा था, फुटेज में घटना से पहले उन्हें 6 (3) रन पर खेलते हुए दिखाया गया। गिरते ही वहां मौजूद लोग उनकी मदद के लिए दौड़े और उन्हें बेरुआला क्षेत्रीय अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की। हालांकि, अस्पताल में पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत के कारणों की जांच जारी है।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखें वीडियो
Heartbreaking news from Beruwala, Sri Lanka: A 46-year-old cricketer collapsed and died while batting during a school old boys’ association carnival today 😢 pic.twitter.com/r33RiueEzl
— Sri Lanka Tweet 🇱🇰 (@SriLankaTweet) July 5, 2026
शोक
जुल्फिकार की मौत से क्रिकेट प्रशंसकों में शोक की लहर
जुल्फिकार की मौत से खिलाड़ी, आयोजक और प्रशंसक सदमे में हैं। स्थानीय क्रिकेट समुदाय इस दुखद क्षति से उबरने की कोशिश कर रहा है, इसलिए टूर्नामेंट के शेष मैचों को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है। शुरुआती रिपोर्टों से पता चलता है कि जुल्फिकार को दिल का दौरा पड़ा होगा, लेकिन अधिकारियों ने अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की है। बेरुआला पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।