CPL 2026: शिमरोन हेटमायर ने जड़ा संयुक्त सबसे तेज शतक, पूरे किए 7,000 टी-20 रन
क्या है खबर?
कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) 2026 में वेस्टइंडीज के धाकड़ बल्लेबाज शिमरोन हेटमायर ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से इतिहास रच दिया है। उन्होंने ट्रिनबागो नाइट राइडर्स (TKR) के खिलाफ महज 43 गेंदों में नाबाद 111 रनों की शतकीय पारी खेलकर गुयाना अमेजन वॉरियर्स को शानदार जीत दिलाई। यह CPL इतिहास का संयुक्त सबसे तेज शतक रहा है। इस दौरान हेटमायर ने टी-20 क्रिकेट में अपने 7,000 रन भी पूरे कर लिए। आइए उनके आंकड़े जानते हैं।
बल्लेबाजी
कैसी रही हेटमायर की बल्लेबाजी?
गुयान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 22/2 का स्कोर बनाया ही था कि बारिश आ गई। उसके बाद मैच 16 ओवर का कर दिया गया।
इस दौरान हेटमायर ने तूफानी बल्लेबाजी की और 43 गेंदों में 8 चौके और 9 छक्कों से 111 रन बनाकर नाबाद रहे।
उन्होंने लाहिरू कुमारा के एक ओवर में 30 रन बनाए। जवाब में TKR की टीम 172/7 रन ही बना पाई।
गुयाना ने डकवर्थ लुईस (DLS) नियम से 9 रन से जीत दर्ज की।
रिकॉर्ड
हेटमायर ने जड़ा CPL इतिहास का संयुक्त सबसे तेज शतक
हेटमायर ने मात्र 40 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। वह आंद्रे रसेल और टिम सीफर्ट के साथ CPL इतिहास का संयुक्त सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए।
यह मुकाबला CPL में हेटमायर का 100वां मैच था। यह उनके सीपीएल करियर का दूसरा शतक है।
CPL में अब हेटमायर के नाम 2,455 रन हो गए हैं, जिसमें उनकी औसत 29.57 और स्ट्राइक रेट 145.18 की है। लीग में वह 15 अर्धशतक और 135 छक्के भी जमा चुके हैं।
उपलब्धि
हेटमायर ने पूरे किए 7,000 टी-20 रन
अपनी पारी का 15वां रन बनाते ही हेटमायर ने अपने 7,000 टी-20 रन भी पूरे कर लिए।
2016 में अपने टी-20 करियर की शुरुआत करने वाले हेटमायर के अब 352 मैच की 327 पारियों में 26.67 के औसत और 145.05 के बेहतरीन स्ट्राइक रेट से 7,096 रन हो गए हैं।
इस दौरान उन्होंने 2 शतक और 35 अर्धशतक जड़े हैं। उनके दोनों ही शतक CPL में आए हैं।
इस दौरान उन्होंने इस प्रारूप में कुल 413 छक्के भी जड़े हैं।