काउंटी चैंपियनशिप 2026: युजवेंद्र चहल ने नॉर्थम्पटनशायर के लिए चटकाए 9 विकेट, जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम से बाहर चल रहे अनुभवी लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने काउंटी चैंपियनशिप अपनी जादुई गेंदबाजी से शानदार प्रदर्शन किया। नॉर्थम्पटनशायर की ओर से चहल ने डरहम के खिलाफ दोनों पारियों को मिलाकर कुल 9 विकेट चटकाए, जिसमें दूसरी पारी में लिया गया 5 विकेट हॉल भी शामिल है। हालांकि, चहल के इस शानदार प्रदर्शन के बावजूद नॉर्थम्पटनशायर को डरहम के हाथों 153 रनों की करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा।
गेंदबाजी
कैसी रही चहल की गेंदबाजी?
चहल ने इस मुकाबले में कुल 9/120 के आंकड़े दर्ज किए। उन्होंने पहली पारी में 15 ओवरों में 36 रन देकर 4 महत्वपूर्ण विकेट झटके थे।
इसी तरह उन्होंने डरहम की दूसरी पारी में भी दमदार गेंदबाजी करते हुए 26.5 ओवर में 84 रन देकर 5 विकेट चटकाए, जिससे डरहम की दूसरी पारी 261 रनों पर सिमट गई।
चहल ने एलेक्स लीस (80), डेविड बेडिंगहम (5), मैथ्यू पॉट्स (8), कैलम पार्किंसन (4) और ओलिवर रॉबिन्सन (5) को अपना शिकार बनाया।
करियर
कैसा रहा है चहल का प्रथम श्रेणी करियर?
यह चहल का प्रथम श्रेणी क्रिकेट में छठा 5 विकेट हॉल है।
उन्होंने अब तक 47 प्रथम श्रेणी मैच खेले हैं, जिसकी 75 पारियों में 33.01 की औसत और 3.13 की इकॉनमी से 141 विकेट लेने में सफल रहे हैं।
वह 7 बार 4 विकेट हॉल भी ले चुके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 6/44 का रहा है।
मौजूदा काउंटी सीजन में चहल लगातार बेहतरीन लय में हैं, जहां उनके पिछले मैचों के आंकड़े क्रमशः 2/58, 2/19 और 1/20 रहे हैं।
निराशा
लंबे समय से भारतीय टीम से बाहर हैं चहल
सीमित ओवर क्रिकेट में भारत के सबसे सफल स्पिनरों में से एक होने के बावजूद चहल ने भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट नहीं खेला है।
वह पिछले काफी समय से भारतीय टीम से बाहर हैं। उन्होंने भारत के लिए अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच अगस्त 2023 में खेला था।
वह 72 वनडे मैचों में 27.13 की औसत से 121 विकेट और 80 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 25.09 की औसत और 8.19 की इकोनॉमी रेट से 96 विकेट चटका चुके हैं।